कृषि क्षेत्र में स्थिर मूल्यों पर उत्पादन बीते 12 वर्षों में 54.6 प्रतिशत बढ़ा

नई दिल्ली, 28 जून (आईएएनएस) । सांख्यिकी मंत्रालय द्वारा जारी एक लेटेस्ट रिपोर्ट के अनुसार, कृषि एवं उससे जुड़े क्षेत्र में स्थिर मूल्यों पर उत्पादन का सकल मूल्य (जीवीओ) 2011-12 के 1,908 हजार करोड़ रुपए से बढ़कर 2023-24 में 2,949 हजार करोड़ रुपए हो गया, जो लगभग 54.6 प्रतिशत की कुल वृद्धि को दर्शाता है।
इसके अलावा, वर्तमान मूल्यों पर कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के सकल मूल्य संवर्धन (जीवीए) में लगभग 225 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो 2011-12 में 1,502 हजार करोड़ रुपए से बढ़कर 2023-24 में 4,878 हजार करोड़ रुपए हो गई।
फसल क्षेत्र 1,595 हजार करोड़ के जीवीओ के साथ 2023-24 में 54.1 प्रतिशत की हिस्सेदारी के साथ कृषि और संबद्ध क्षेत्रों के कुल जीवीओ (स्थिर मूल्यों पर) में सबसे बड़ा योगदानकर्ता बना हुआ है। 2023-24 में अनाज और फल एवं सब्जियों का कुल मिलाकर कुल फसल जीवीओ में 52.5 प्रतिशत हिस्सा रहा।
अनाजों में से केवल धान और गेहूं ही 2023-24 में सभी अनाजों के जीवीओ (स्थिर मूल्यों पर) का लगभग 85 प्रतिशत हिस्सा हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना और हरियाणा ने 2023-24 में अनाज के जीवीओ (स्थिर मूल्यों पर) में लगभग 53 प्रतिशत का योगदान दिया। उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 2011-12 में 18.6 प्रतिशत से घटकर 2023-24 में 17.2 प्रतिशत दर्ज की गई।
फल समूह में 2023-24 में केले का स्थिर मूल्य जीवीओ 47.0 हजार करोड़ आम के 46.1 हजार करोड़ से आगे निकल गया है। 2011-12 से 2021-22 तक फल समूह में जीवीओ (स्थिर मूल्यों पर) में आम का लगातार सबसे अधिक योगदान रहा है।
2011-12 से 2023-24 के दौरान सब्जी समूह के जीवीओ (स्थिर मूल्यों पर) में आलू का योगदान सबसे अधिक रहा है। आलू का जीवीओ 2011-12 में 21.3 हजार करोड़ से बढ़कर 2023-24 में 37.2 हजार करोड़ हो गया है।
फूलों की खेती में स्थिर मूल्यों पर जीवीओ में शानदार वृद्धि हुई है, जो 2011-12 में 17.4 हजार करोड़ रुपए से लगभग दोगुना होकर 2023-24 में 28.1 हजार करोड़ रुपए हो गया। यह बागवानी में बढ़ती वाणिज्यिक रुचि और विविधीकरण को दर्शाता है।
‘मसालों’ के जीवीओ में 2023-24 में मध्य प्रदेश 19.2 प्रतिशत की हिस्सेदारी के साथ इस समूह में शीर्ष योगदानकर्ता बन गया, जबकि कर्नाटक और गुजरात क्रमशः 16.6 प्रतिशत और 15.5 प्रतिशत के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
पशुधन उत्पादों का जीवीओ 2011-12 में 488 हजार करोड़ रुपए से बढ़कर 2023-24 में 919 हजार करोड़ रुपए हो गया है। 2023-24 में इस क्षेत्र में दूध का दबदबा बना रहा, हालांकि 2011-12 से 2023-24 के दौरान हिस्सेदारी 67.2 प्रतिशत से घटकर 65.9 प्रतिशत हो गई है। पशुधन क्षेत्र के कुल जीवीओ में मांस समूह की हिस्सेदारी (स्थिर मूल्यों पर) 2011-12 से 2023-24 के दौरान 19.7 प्रतिशत से बढ़कर 24.1 प्रतिशत हो गई।
‘वानिकी और लॉगिंग’ क्षेत्र ने 2011-12 से 2023-24 के दौरान 149 हजार करोड़ रुपए से 227 हजार करोड़ रुपए तक मध्यम लेकिन लगातार वृद्धि दर्ज की है। औद्योगिक लकड़ी का मूल्य हिस्सा 2011-12 में 49.9 प्रतिशत से बढ़कर 2023-24 में 70.2 प्रतिशत हो गया।
भारत के कृषि जीवीए में ‘मत्स्य पालन और जलीय कृषि’ उप-क्षेत्र का महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसका योगदान 2011-12 में 4.2 प्रतिशत से बढ़कर 2023-24 में 7.0 प्रतिशत हो गया है।
2011-12 से 2022-23 की अवधि के दौरान दो प्रमुख योगदानकर्ता राज्यों पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में मत्स्य पालन में जीवीओ (स्थिर मूल्यों पर) में बड़ा बदलाव देखा गया।
–आईएएनएस
एसकेटी/