'एक बिहारी सब पर भारी,' पत्नी युविका चौधरी के साथ बिहार पहुंचे प्रिंस नरूला

पटना, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय मॉडल और टीवी के कई शोज को होस्ट कर चुके प्रिंस नरूला अपनी पत्नी युविका चौधरी के साथ बिहार में बच्चों का हौसला बढ़ाने पहुंचे हैं।
अभिनेता ने बिहार आने पर खुशी जाहिर की और बताया कि पहले की दुनिया में बिहार का विकास तेजी से हुआ है। वहीं युविका चौधरी का कहना है कि भारत में रहकर अगर बिहार नहीं आए तो जिंदगी में क्या किया।
अभिनेता प्रिंस नरूला ने अपने कार्यक्रम पर बात करते हुए आईएएनएस से कहा, “आज मैं छात्रों से मिलने के लिए मदर ग्रुप ऑफ एजुकेशन के कॉलेज आया हूं। इसके बाद मैं सीधे होटल वापस जाऊंगा और फिर रवाना हो जाऊंगा। यह मेरी पटना की दूसरी यात्रा है और मुझे यहां बहुत अच्छा लगता है क्योंकि यहां के लोग बहुत मिलनसार हैं और मुझे अपने परिवार के सदस्य की तरह मानते हैं। मुझे यहां आकर हमेशा अच्छा लगता है।”
उन्होंने आगे कहा, “एक बिहारी सब पर भारी कहावत को ऐसे ही नहीं बना दिया है। अब आईपीएल ही देख लो। बिहार का एक खिलाड़ी सभी पर भारी पड़ रहा है। बिहारियों का अपना ही एक अंदाज और काम करने का तरीका होता है, जो उन्हें बाकी लोगों से अलग बनाता है।”
वहीं युविका चौधरी ने कहा, “बिहार में आकर बहुत अच्छा लगता है और जितनी बार भी बिहार आने का मौका मिला है, मन खुश हो जाता है क्योंकि यहां की हवा और संस्कृति में अलग ही बात है, जो कहीं और देखने को नहीं मिलती है। मैं यहां के लोगों से मिलने के लिए काफी एक्साइटेड हूं और जल्द ही पूरा बिहार भी घूमूंगी।”
बता दें कि हाल ही में प्रिंस नरूला को रियलिटी शो ‘द 50’ में देखा गया था, जहां उनकी और रजत दलाल की भयंकर भिड़ंत देखने को मिली थी। हालांकि शो से बाहर आने के बाद अभिनेता का कहना है कि वे रजत से नहीं, बल्कि उनके खेलने के तरीके से परेशान थे। शो में उन्होंने कोई भी टास्क निष्पक्षता से नहीं खेला और हमेशा गुंडागर्दी जैसी हरकतें कीं। सबने उन्हें बहुत बार समझाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने किसी की बात नहीं मानी और यही कारण था कि वे शो में कई बार हमें एक-दूसरे के आमने-सामने देखा गया।
–आईएएनएस
पीएस/एएस