ईरान से संदेश की उम्मीद और युद्धविराम पर नजर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान


वाशिंगटन, 9 मई (आईएएनएस)। अमेरिका और ईरान में जारी तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें तेहरान से आज रात मैसेज मिलने की उम्मीद है। दोनों देशों के बीच परमाणु बातचीत की रफ्तार को लेकर सवाल बने हुए हैं। वहीं, उन्होंने उम्मीद जताई कि रूस-यूक्रेन के बीच सीमित अवधि के सीजफायर को बढ़ाया जा सकता है।

व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में मरीन वन में सवार होने से पहले ट्रंप ने मीडिया से कहा, “मुझे आज रात एक लेटर मिलने वाला है। देखते हैं क्या होता है।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या तेहरान जानबूझकर प्रक्रिया को धीमा कर रहा है, तो उन्होंने कहा, “हमें जल्द ही पता चल जाएगा।”

राष्ट्रपति ने संकेत दिया कि अगर बातचीत में रुकावट आती है तो वाशिंगटन अपना रुख और सख्त कर सकता है। उन्होंने कहा, “अगर सब कुछ ठीक नहीं हुआ, तो हम दूसरा रास्ता अपनाएंगे। अगर चीजें नहीं हुईं तो हम प्रोजेक्ट फ्रीडम पर वापस जा सकते हैं, लेकिन यह प्रोजेक्ट फ्रीडम प्लस होगा। मतलब, प्रोजेक्ट फ्रीडम प्लस में दूसरी चीजें भी होंगी।”

ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध को द्वितीय विश्व युद्ध के बाद की सबसे बुरी घटनाओं में से एक बताया और कहा कि वह मौजूदा सीमित सीजफायर को बढ़ाने का स्वागत करेंगे। जब उनसे पूछा गया कि क्या लड़ाई में विराम तीन दिनों से ज्यादा समय तक रह सकता है, तो उन्होंने कहा, “हो सकता है। यह अच्छा होगा। मैं इसे रुकते हुए देखना चाहूंगा।”

राष्ट्रपति ने उन बातों का भी जिक्र किया जिन्हें उन्होंने मजबूत घरेलू आर्थिक संकेतक बताया। उन्होंने कहा, “आज हमारे पास इस देश में पहले से कहीं ज्यादा लोग काम कर रहे हैं। आज नौकरियों के आंकड़े जबरदस्त थे।”

पब्लिक हेल्थ के मुद्दे पर ट्रंप ने हंता वायरस के मामलों को लेकर चिंताओं पर भरोसा दिलाने की कोशिश की और कहा कि अधिकारी स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं।

उन्होंने कहा, “ऐसा लगता है कि हमने चीजों को काफी हद तक नियंत्रण में कर लिया है। वे उस वायरस को बहुत अच्छी तरह जानते हैं। यह लंबे समय से मौजूद है। कोविड की तरह यह आसानी से फैलता नहीं है। देखते हैं। हम इस पर बहुत करीब से अध्ययन कर रहे हैं।”

डॉ. मार्टी मकारी से जुड़ी रिपोर्ट्स के बारे में अलग से पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा, “मैं इसके बारे में पढ़ रहा हू, लेकिन मुझे इसके बारे में कुछ नहीं पता।”

इंटरनेशनल इवेंट्स को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ब्राजील के प्रेसिडेंट लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा के साथ उनकी बहुत अच्छी मीटिंग हुई। हालांकि, इससे संबंधित उन्होंने और अधिक जानकारी नहीं दीं।

जब यूनाइटेड किंगडम में राजनीतिक विकास के बारे में पूछा गया, तो ट्रंप ने डिटेल में टिप्पणी करने से मना कर दिया। अपनी सरकार की उपलब्धियों को बताने से पहले उन्होंने कहा, “मैं यह उन पर छोड़ता हूं, लेकिन मैं हर चीज से खुश हूं।”

–आईएएनएस

केके/एएस


Show More
Back to top button