पति संग फीफा वर्ल्ड कप फाइनल देखने पहुंचीं प्रीति जिंटा, तस्वीरों के साथ शेयर किया अनुभव

मुंबई, 21 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले की कुछ खास तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की हैं। इन तस्वीरों में वह अपने पति के साथ स्टेडियम में मैच का आनंद लेती नजर आ रही हैं। साथ ही उन्होंने विजेता टीम स्पेन को बधाई भी दी।
प्रीति जिंटा ने इंस्टाग्राम पर फाइनल मुकाबले की तस्वीरें शेयर करते हुए बताया कि अपने पति के साथ स्टेडियम में यह मैच देखना उनके लिए बेहद यादगार अनुभव रहा।
उन्होंने पोस्ट में लिखा, “इस बार का वीकेंड बेहद खास और मजेदार रहा। न्यू जर्सी में ‘द गुड इनफ बॉयज’ के साथ फीफा विश्व कप का फाइनल देखने का शानदार मौका मिला। यह फाइनल किसी फिल्मी कहानी जैसा लगा। पिछली बार की विश्व विजेता अर्जेंटीना का मुकाबला स्पेन से था। स्पेन की टीम मार्च 2024 के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं हारी थी। उनकी युवा स्टार खिलाड़ी लैमिन यामल वही खिलाड़ी हैं, जिनकी पांच महीने की उम्र में लियोनेल मेसी के साथ खिंची तस्वीर काफी वायरल हुई थी। उस तस्वीर में मेसी उन्हें एक प्लास्टिक के टब में नहलाते नजर आए थे।”
उन्होंने आगे लिखा, “एक बार फिर किस्मत का खेल देखिए, दोनों टीमें विश्व कप फाइनल में आमने-सामने थीं। ऐसी कहानी कौन लिख सकता है? मैं बस इतना कह सकती हूं कि अपने पति के साथ स्टेडियम में बैठकर इस मुकाबले का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद यादगार अनुभव रहा। स्पेन की टीम और उसके सभी प्रशंसकों को फीफा विश्व कप जीतने की बहुत-बहुत बधाई। इस ऐतिहासिक मुकाबले को देखना वाकई शानदार अनुभव था।”
स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर फीफा विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। अतिरिक्त समय में फेरान टोरेस के विजयी गोल की बदौलत स्पेन ने 16 साल बाद दूसरी बार विश्व कप जीता। कनाडा, मैक्सिको और अमेरिका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित इस टूर्नामेंट में पहली बार 48 टीमों ने हिस्सा लिया।
–आईएएनएस
एनएस/एएस