'जंग' में पवित्रा पुनिया का दमदार अवतार, हाउसवाइफ से क्राइम की दुनिया तक की रोमांचक कहानी


मुंबई, 18 मार्च (आईएएनएस)। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर थ्रिलर और सस्पेंस से भरी कहानियां लोगों को काफी पसंद आ रही हैं, क्योंकि इनमें हर पल कुछ नया देखने को मिलता है। ऐसे में अब एक और दिलचस्प सीरीज ‘जंग’ दर्शकों के लिए आने वाली है। इस सीरीज की खास बात यह है कि इसमें एक साधारण दिखने वाली महिला की जिंदगी किस तरह अचानक बदल जाती है, यह कहानी का मुख्य हिस्सा है। इसमें टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री पवित्रा पुनिया अहम किरदार में हैं।

‘जंग’ सीरीज में पवित्रा पुनिया ‘कावेरी’ के रोल में नजर आएंगी। यह किरदार उनके अब तक के निभाए गए रोल्स से काफी अलग और चुनौतीपूर्ण बताया जा रहा है। अपने इस नए किरदार को लेकर पवित्र पुनिया ने खुशी जाहिर की और कहा, ”यह मेरे करियर का अब तक का सबसे अलग रोल है। मुझे जैसे ही इस सीरीज की कहानी सुनाई गई, मैं तुरंत इससे जुड़ गईं, क्योंकि इसमें हर एपिसोड में नया ट्विस्ट और टर्न है, जो इसे और भी दिलचस्प बनाते हैं। इस किरदार के लिए मैंने काफी मेहनत भी की है।”

उन्होंने कहा, ”मैंने कई थ्रिलर फिल्में देखीं ताकि इस तरह की कहानियों की गहराई और तनाव को समझने में आसानी हो। मैंने अपने किरदार में वही टेंशन और अनिश्चितता दिखाने की कोशिश की है, जो उस स्थिति में कोई भी महिला महसूस करेगी। यही मेहनत मेरे अभिनय को और भी खास बनाती है।”

सीरीज की कहानी कावेरी नाम की एक महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक हाउसवाइफ है और एक ऐसी शादी में फंसी हुई है, जहां उसे प्यार और अपनापन नहीं मिलता। बाहर से उसकी जिंदगी सामान्य लगती है, लेकिन अंदर ही अंदर वह अकेलेपन और खालीपन से जूझ रही होती है।

कावेरी अपनी इस नीरस जिंदगी से बाहर निकलने की कोशिश करती है और एक ऐसा कदम उठाती है, जो धीरे-धीरे उसे एक खतरनाक दुनिया की ओर ले जाता है। यह दुनिया अपराध, धोखे और मुश्किल फैसलों से भरी होती है, जहां हर कदम पर खतरा होता है।

कहानी में मोड़ तब आता है जब कावेरी अपना नियंत्रण खोने लगती है। उसे समझ नहीं आता कि क्या सही है और क्या गलत। ऐसे में उसे अपनी जिंदगी के कुछ कड़वे सच का सामना करना पड़ता है। सीरीज का सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कावेरी इस मुश्किल स्थिति से बाहर निकल पाएगी और अपनी जिंदगी की कमान खुद संभाल पाएगी या नहीं। यही सस्पेंस दर्शकों को अंत तक बांधे रखेगा।

इस सीरीज में पवित्रा के साथ संदीप आनंद, आभास मेहता और जोहैब अशरफी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

–आईएएनएस

पीके/डीकेपी


Show More
Back to top button