सलमान खान-लॉरेंस बिश्नोई विवाद पर बनी फिल्म ‘काला हिरण’ का पोस्टर जारी, टीजर की डेट आई सामने

मुंबई, 29 मई (आईएएनएस)। देशभर में अभिनेता सलमान खान से जुड़ा चर्चित 1998 काले हिरण के शिकार का मामला लंबे समय तक सुर्खियों में रहा। जानकारी सामने आई है कि इस मामले पर अब फिल्म बनने जा रही है, जिसका पोस्टर भी मेकर्स ने जारी कर दिया है। मामले पर आधारित फिल्म ‘काला हिरण’ के निर्माता अमित जानी ने इसकी जानकारी दी।
फिल्म में उस समय की घटनाओं और विवादों को सिनेमाई अंदाज में दिखाने की कोशिश की जाएगी। हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट और कलाकारों को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
काले हिरण शिकार के चर्चित मामले पर आधारित फिल्म ‘काला हिरण’ का पोस्टर जारी कर दिया गया है। फिल्म के निर्माता अमित जानी ने बताया कि फिल्म का टीजर 20 जून को रिलीज किया जाएगा। अमित जानी ने बताया कि यह फिल्म 1998 में राजस्थान के जोधपुर जिले के काकाणी गांव में हुए काले हिरण शिकार मामले पर आधारित है। फिल्म में कोर्टरूम ड्रामा, क्राइम थ्रिलर और सलमान खान व लॉरेंस बिश्नोई के बीच के विवाद को भी सिनेमाई अंदाज में दिखाया जाएगा।
अमित जानी ने बताया, “1998 में सलमान खान पर काले हिरण शिकार का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में कोर्ट में चला ड्रामा, क्राइम, थ्रिलर और लॉरेंस बिश्नोई के साथ सलमान खान की राइवलरी को पूरी तरह फिल्म में दिखाया गया है। फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के कई शहरों में पूरी की गई है। फिल्म निर्माता ने बताया कि फिल्म का अधिकांश हिस्सा संभल, मुरादाबाद और आसपास के अन्य शहरों में शूट किया गया। उन्होंने कहा कि 1998 में जब यह घटना हुई थी, उस समय जोधपुर में सलमान खान के साथ सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे समेत कई अन्य एक्टर्स भी मौजूद थे। फिल्म इन्हीं घटनाओं, सलमान खान की गिरफ्तारी, जेल और मुकदमे की कहानी पर आधारित है।
निर्माता अमित जानी ने आगे कहा, “लोग लंबे समय से इस विषय पर फिल्म बनने का इंतजार कर रहे थे। आज हमने फिल्म का पोस्टर जारी कर दिया है। 20 जून को इसका टीजर वर्ल्डवाइड रिलीज होगा, जो फिल्म का पहला लुक होगा। ‘काला हिरण’ दर्शकों को उस पूरे घटनाक्रम को सिनेमाई रूप में दिखाएगी जिसमें शिकार, मुकदमा, गिरफ्तारी और सजा जैसे महत्वपूर्ण पहलू शामिल हैं।
बता दें kf लॉरेंस बिश्नोई, सलमान खान से काले हिरण शिकार मामले को लेकर नाराज बताया जाता है, क्योंकि बिश्नोई समाज काले हिरण को पवित्र मानता है। गैंग पर सलमान के करीबी लोगों को निशाना बनाने के कई बार आरोप लग चुके हैं।
–आईएएनएस
एमटी/डीकेपी