पीवीआर-आईनॉक्स से विवाद की खबरों को पूजा एंटरटेनमेंट ने बताया पूरी तरह गलत और भ्रामक


मुंबई, 1 जून (आईएएनएस)। पीवीआर-आईनॉक्स के साथ वित्तीय विवाद की अटकलों के बीच पूजा एंटरटेनमेंट ने स्पष्ट किया है कि दोनों कंपनियों के बीच संबंध पहले की तरह मजबूत और सकारात्मक बने हुए हैं। हाल ही में आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि दोनों कंपनियों के बीच हुई मल्टी-फिल्म डील में हुए नुकसान के कारण भुगतान को लेकर मतभेद पैदा हो गए हैं और मामला कानूनी विवाद तक पहुंच सकता है।

हालांकि, पूजा एंटरटेनमेंट ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि किसी भी तरह के सार्वजनिक विवाद की खबरें गलत हैं। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि पीवीआर आईनॉक्स पिक्चर्स के साथ उसके लंबे समय से चले आ रहे संबंध आज भी सौहार्दपूर्ण और पेशेवर बने हुए हैं।

पूजा एंटरटेनमेंट ने इंस्टाग्राम पर एक नोट जारी किया, जिसमें लिखा, “पिछले कई दशकों में पूजा एंटरटेनमेंट ने मीडिया के साथ आपसी सम्मान, पारदर्शिता और भारतीय सिनेमा के प्रति साझा प्रेम पर आधारित मजबूत संबंध बनाए हैं। हमारी इस यात्रा में लगातार सहयोग और समर्थन देने के लिए हम मीडिया के सभी साथियों के आभारी हैं।”

पीवीआर-आईनॉक्स पिक्चर्स और पूजा एंटरटेनमेंट को लेकर फैली खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कंपनी ने कहा, “हाल ही में पीवीआर आईनॉक्स पिक्चर्स और पूजा एंटरटेनमेंट के बीच कथित कानूनी विवाद को लेकर कुछ खबरें सामने आई हैं। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि ये खबरें पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं। पीवीआर आईनॉक्स पिक्चर्स ने भी आधिकारिक बयान जारी कर साफ किया है कि इन दावों का हमारी मजबूत पेशेवर साझेदारी से कोई संबंध नहीं है।”

कंपनी ने आगे लिखा, “हम डिजिटल मीडिया की तेज गति और प्रतिस्पर्धी माहौल का सम्मान करते हैं, लेकिन इस मामले में बिना पुष्टि की गई खबरों का लगातार प्रसार कंपनी की साख और इससे जुड़े सभी पक्षों को नुकसान पहुंचा रहा है। हम मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स, सोशल मीडिया चैनलों और ब्लॉगर्स से अनुरोध करते हैं कि वे केवल सत्यापित तथ्यों पर भरोसा करें और यदि उन्होंने कोई भ्रामक या गलत खबर प्रकाशित की है, तो उसे हटा दें।”

कंपनी ने अपनी बात समाप्त करते हुए लिखा, “इस दौरान हमारा साथ देने और समझदारी दिखाने वाले सभी लोगों का हम दिल से धन्यवाद करते हैं। हमें पूरा विश्वास है कि आखिरकार सच और तथ्य ही अफवाहों और गलत सूचनाओं पर जीत हासिल करेंगे।”

बता दें कि मीडिया में यह रिपोर्ट आई थी कि वाशु भगनानी के प्रोडक्शन हाउस (पूजा एंटरटेनमेंट) और पीवीआर आईनॉक्स के बीच फिल्मों से हुए नुकसान को लेकर 100 करोड़ रुपये का विवाद चल रहा है। पीवीआर आईनॉक्स पिक्चर्स और पूजा एंटरटेनमेंट दोनों ने इन अटकलों को “भ्रामक और निराधार” बताते हुए खारिज कर दिया है और स्पष्ट किया है कि उनके तथा भगनानी परिवार के संबंध बेहद पेशेवर हैं।

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Show More
Back to top button