हरियाणा में नाबालिग लड़की से बलात्कार के आरोप में पुलिसकर्मी गिरफ्तार, सेवा से बर्खास्त


गुरुग्राम, 22 दिसंबर (आईएएनएस)। हरियाणा पुलिस ने गुरुग्राम जिले में 14 वर्षीय लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में एक हेड कांस्टेबल (ईएचसी) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुवार की है। लड़की ने अपने साथ हुई दरिंदगी का खुलासा किया, इसके बाद उसके परिवार ने शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी की पहचान अनूप सिंह के रूप में हुई है जो हरियाणा पुलिस के एस्कॉर्ट गार्ड में ईएचसी के पद पर तैनात था। गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर ने संज्ञान लेते हुए अनूप सिंह को नौकरी से बर्खास्त कर दिया।

इस बीच, शुक्रवार को महिला पुलिस स्टेशन (पश्चिम) में आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम सहित आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शुक्रवार को पीड़िता की मां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बेटी सिंह के घर पर नौकरानी के रूप में काम करती थी। शिकायत के अनुसार अपराध घर पर हुआ।

डीसीपी वीरेंद्र विज ने कहा, “हमने ईएचसी के खिलाफ मामला दर्ज किया है, और उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। हम कड़ी सजा के लिए फास्ट-ट्रैक पॉक्सो कोर्ट के माध्यम से इस मामले की सुनवाई सुनिश्चित करेंगे।”

सीआरपीसी की धारा 164 के तहत लड़की का बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज किया गया।

–आईएएनएस

एफजेड/एबीएम


Show More
Back to top button