इंदौर के राजा हत्याकांड के आरोपी विशाल के घर पहुंची पुलिस


इंदौर, 10 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड के एक आरोपी विशाल चौहान को लेकर पुलिस उसके घर पहुंची। पुलिस ने यहां विशाल से न केवल पूछताछ की, बल्कि घर की तलाशी भी ली। कहा यह जा रहा है कि राजा की हत्या की साजिश विशाल और राज कुशवाहा ने इसी मकान में रची थी।

इंदौर के राजा रघुवंशी की शादी सोनम से हुई थी और दोनों हनीमून मनाने मेघालय गए थे। शिलांग में दोनों के लापता होने की बात सामने आई। बाद में राजा का शव एक खाई में मिला, जबकि सोनम लापता थी। बाद में सोनम भी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में मिल गई। सोनम के मिलने के बाद इस बात का खुलासा हुआ कि राजा की हत्या की गई है और उसमें सोनम का साथ कुछ लोगों ने दिया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक विशाल चौहान भी है, जो इंदौर का ही रहने वाला है।

मेघालय पुलिस मंगलवार को विशाल को उसके घर लेकर गई और पुलिस ने घर की तलाशी लेने के साथ पूछताछ भी की। विशाल के घर से कुछ सामान भी जब्त किया गया है। वहीं पुलिस उस मैदान में भी विशाल को लेकर पहुंची जहां यह सभी अकेले में मिला करते थे। कहा जा रहा है कि विशाल और राज कुशवाहा ने इसी घर में सोनम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी और लगातार विशाल तथा राज की मुलाकात इसी मकान में होती रही है।

बताया जा रहा है कि पुलिस को राजा की ब्रेसलेट, अंगूठी और सोने की चेन की तलाश है, जो हत्या के बाद से गायब है। आशंका जताई जा रही है कि सोने की यह सारी चीजें इन्हीं लोगों के पास हो सकती हैं। सूत्रों के अनुसार पुलिस को पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिसमें कहा जा रहा है कि राजा पर पीछे से प्रहार किया गया था, वह गंभीर रूप से घायल हो गया था, मगर उसने अंत तक संघर्ष किया। बाद में हमलावरों ने कमजोर पड़ चुके राजा को खाई में फेंक दिया था। जब उसे खाई में फेंका गया था, तब भी वह जीवित था।

–आईएएनएस

एसएनपी/एएस


Show More
Back to top button