पुणे में ड्रग्स के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा, पुलिस ने 8 आरोपियों को दबोचा


पुणे, 10 मई (आईएएनएस)। पुणे शहर के वाघोली पुलिस स्टेशन ने एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। यह गिरोह न केवल शहर और ग्रामीण इलाकों में ड्रग्स की सप्लाई कर रहा था, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में एमडी ड्रग्स की फैक्ट्री शुरू करने की तैयारी में भी था। पुलिस ने करीब 1.16 करोड़ रुपए की सामग्री जब्त की है।

पुलिस ने 16 अप्रैल की रात लगभग 8 बजे केसनंद इलाके में पुलिस ने दो आरोपियों को 5 ग्राम 5 मिलीग्राम एमडी ड्रग्स के साथ रंगेहाथ पकड़ा था। ये ड्रग्स करीब 1.10 लाख रुपए की थी। इस मामले में कुल 5 लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि इस पूरे रैकेट का मुख्य सूत्रधार सुमित अशोक घुले है। आरोपी अपने साथियों के जरिए पुणे शहर, लोणीकंद, कोरेगांव भीमा, शिक्रापुर, कारेगांव, रांजणगांव और शिरूर ग्रामीण क्षेत्रों में एमडी ड्रग्स की अवैध सप्लाई करता था।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि यह गिरोह ग्रामीण इलाकों में एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री शुरू करने की योजना बना रहा था। इसके लिए वे पहले से जमानत पर बाहर आए एक आरोपी की मदद ले रहे थे, जो पहले ड्रग निर्माण से जुड़े मामलों में शामिल रहा है।

गुप्त जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सुमित घुले को अहमदाबाद (गुजरात) से गिरफ्तार किया। इसके बाद उसके सहयोगियों को भी अलग-अलग जगहों से पकड़ा गया। इनमें आकाश अशोक ढवले, रामनिवास बिश्नोई और अन्य आरोपी शामिल हैं, जिनके पास से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स बरामद हुई।

अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने कुल 225 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 45.60 लाख बताई जा रही है। साथ ही बीएमडब्ल्यू सहित कई महंगी गाड़ियां भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य लिंक की जांच जारी है और आगे भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

–आईएएनएस

एसडी/वीसी


Show More
Back to top button