पीएम मोदी जननायक हैं, राहुल गांधी गंभीर मुद्दों पर जिम्मेदारी से बोलें : आचार्य प्रमोद कृष्णम


गाजियाबाद, 11 मई (आईएएनएस)। कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया एक्स पोस्ट को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन-अपील का समर्थन करते हुए उनकी कार्यशैली की तारीफ की।

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने सोमवार को आईएएनएस से खास बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जननायक हैं। वह देश के अभिभावक और समर्पित जनसेवक हैं। पीएम मोदी का हर निर्णय और अपील देशहित में होता है। चाहे कोविड-19 महामारी का समय हो, अंतरराष्ट्रीय संकट हो या फिर वैश्विक युद्ध जैसे हालात हो, प्रधानमंत्री मोदी हर मौके पर देशवासियों के हित में मार्गदर्शन देते हैं।

उन्होंने सोने की खरीद में संयम बरतने, ईंधन की बचत और अनावश्यक खर्च से बचने कीपीएम मोदी की अपील का समर्थन करते हुए कहा कि यह ठीक वैसा ही है जैसे परिवार का मुखिया अपने घर के सदस्यों को फिजूलखर्ची से बचने की सलाह देता है। प्रधानमंत्री की हर बात राष्ट्रहित में होती है।

राहुल गांधी के एक्स पोस्ट में पीएम मोदी पर किए गए तंज, जिसमें उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को यह बताने की स्थिति में पहुंच गई है कि क्या खरीदें और क्या नहीं, पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि उनके बयान गंभीर नहीं हैं। देशहित के मुद्दों पर उन्हें अधिक जिम्मेदारी से बोलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जिंदगी में एक फैसला अच्छा किया है कि उन्होंने तमिलनाडु में टीवीके का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि टीवीके का समर्थन करना, विजय का समर्थन करना राहुल गांधी की पार्टी के लिए सही कदम है, हालांकि टीवीके के लिए ये आत्मघाती है, क्योंकि राहुल गांधी का जो राहु है वह इतना प्रबल है कि जैसे विक्रम के सिर पर बेताल बैठ जाता है, सत्यानाश कर देता है। फिर भी मैं राहुल गांधी जी के इस फैसले का समर्थन करता हूं, स्वागत करता हूं।

केरल में सरकार गठन को लेकर जारी राजनीतिक स्थिति पर भी आचार्य प्रमोद कृष्णम ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि वहां कांग्रेस के नेतृत्व में सरकार बनने की संभावना है और इसके लिए थोड़ा समय देना चाहिए।

–आईएएनएस

पीएसके/वीसी


Show More
Back to top button