पीयूष गोयल ने कतर के विदेश व्यापार मामलों के मंत्री से बातचीत की, आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत बनाने पर हुई चर्चा

नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कतर के विदेश व्यापार मामलों के राज्य मंत्री डॉ. अहमद बिन मोहम्मद अल सईद से वर्चुअल बातचीत की। इस दौरान दोनों देशों के नेताओं ने व्यापार और आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत बनाने पर फोकस किया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में गोयल ने कहा, “कतर के विदेश व्यापार मामलों के राज्य मंत्री डॉ. अहमद बिन मोहम्मद अल सैयद के साथ एक सार्थक वर्चुअल वार्ता आयोजित की गई।
हमने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। हम आने वाले समय में अपनी रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए तैयार हैं।”
गोयल की ओर यह बातचीत ऐसे समय पर की गई है, जब अमेरिका-ईरान में तनाव के कारण हॉर्मुज स्ट्रेट से आवाजाही पूरी तरह से बंद है और इससे बड़े स्तर पर आपूर्ति श्रृंखलाओं में व्यवधान पैदा हुआ है। इसके कारण कतर समेत कई खाड़ी देश अपने पेट्रोलियम और अन्य उत्पादों का निर्यात नहीं कर पा रहे हैं।
दुनिया में होने वाले कुल तेल और प्राकृतिक गैस के व्यापार का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा हॉर्मुज स्ट्रेट से होकर गुजरता है।
हाल ही में इस पर ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकेर गालिबाफ ने कहा कि मौजूदा हालात में होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा नहीं खोला जाएगा।
उन्होंने कहा कि अमेरिका की ओर से होर्मुज स्ट्रेट को ब्लॉक कर दिया गया है। यह सीजफायर का उल्लंघन है। इससे ईरानी बंदरगाहों को निशाना बनाया जा रहा है। आगे कहा कि पूर्ण सीजफायर तभी संभव है, जब अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट के ब्लॉक को समाप्त कर देता है।
अमेरिका की सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया पर कहा, “ईरान के खिलाफ अमेरिकी नाकाबंदी के तहत अमेरिकी सेना ने 31 जहाजों को वापस मुड़ने या बंदरगाह पर लौटने का निर्देश दिया है।”
–आईएएनएस
एबीएस/