मुश्किल हालातों में भी मजाकिया अंदाज रखते हैं पंजाब के लोग : सुदीप शर्मा

मुंबई, 3 फरवरी (आईएएनएस)। नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज ‘कोहरा’ का दूसरा सीजन दर्शकों के बीच काफी चर्चाओं में है। इसके निर्देशक सुदीप शर्मा ने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में खुलासा किया है कि इस बार कहानी में पंजाब के आपराधिक मामलों के साथ-साथ हल्का हास्य और मीम कल्चर भी देखने को मिलेगा।
आईएएनएस से बात करते हुए सुदीप शर्मा ने कहा, ”पंजाब को समझे बिना वहां की कहानी नहीं लिखी जा सकती। पंजाब की सबसे बड़ी खासियत उसका ह्यूमर है। चाहे हालात कितने भी मुश्किल या दर्दनाक क्यों न हों, वहां के लोग बात करने के दौरान एक अजीब सा मजाकिया अंदाज लेकर आते हैं। यही वजह है कि ‘कोहरा 2’ जैसी गंभीर क्राइम थ्रिलर सीरीज में भी हंसी की हल्की झलकें दिखाई देंगी।”
सुदीप शर्मा ने कहा, ”पंजाब में रहते हुए ऐसा होना नामुमकिन है कि कुछ मजेदार न दिखे। अगर आप ध्यान से देखें, तो आसपास हमेशा कुछ न कुछ ऐसा चल रहा होता है, जो मुस्कुराने पर मजबूर कर देता है। यही जमीनी सच्चाई हमने कहानी में पिरोने की कोशिश की है, ताकि शो बनावटी न लगे और दर्शकों को असली पंजाब की झलक मिले।”
सुदीप शर्मा ने कहा, ”पंजाबी भाषा और पंजाबी लोग स्वभाव से ही बहुत मजाकिया होते हैं। वे गंभीर से गंभीर बात भी ऐसे अंदाज में कहते हैं कि उसमें हल्की चुटकी शामिल हो जाती है। इसी गुण को हमने ‘कोहरा 2’ में शामिल किया है। जब आप किसी समाज को ईमानदारी से दिखाते हैं, तो उसकी अच्छाइयों और खासियतों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।”
उन्होंने कहा, ”इस बार सीरीज में सोशल मीडिया के लोकप्रिय मीम्स को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है। मीम कल्चर को शामिल करना पूरी तरह एक सोचा-समझा फैसला था। आज की पीढ़ी जिस भाषा और संदर्भों में बात करती है, उन्हें नजरअंदाज करना सही नहीं होता, खासकर तब जब कहानी आज के समय में घटित हो रही हो।”
‘कोहरा’ के दूसरे सीजन में बरुण सोबती, मोना सिंह, और रणविजय सिंह भी अहम भूमिका निभाते दिखेंगे।
‘कोहरा सीजन 2’ का प्रीमियर 11 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर होगा।
–आईएएनएस
पीके/एबीएम