जनता ने तय किया बंगाल में भाजपा की सरकार लाना अनिवार्य : स्मृति ईरानी


मालदा, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी ने प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा कि टीएमसी के शासन में भ्रष्टाचार और टीएमसी, हिंसा और टीएमसी ये दोनों एक-दूसरे के पर्याय बन गए हैं।

उन्होंने दावा किया कि बंगाल की जनता ने तय कर लिया है कि टीएमसी की भ्रष्टाचार वाली सरकार से मुक्ति के लिए भाजपा की सरकार लाना जरूरी हो गया है।

मालदा में मीडिया से बातचीत के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जोरदार प्रहार करते हुए कहा कि इस बात पर हैरानी नहीं होनी चाहिए कि ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों का अपमान और अनादर करती है। यह वही तृणमूल की सरकार है, जिसने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का अपमान किया था। यह वही तृणमूल सरकार है, जिसने देश के प्रधानमंत्री का भी अपमान किया था। यह वही टीएमसी सरकार है जो सांसदों पर पथराव कराती है। गुंडाराज का वातावरण बंगाल में चल रहा है, इस गुंडाराज से मुक्ति के लिए जनता वोट करेगी।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने यह संकल्प लिया है कि एक भ्रष्टाचार-मुक्त पश्चिम बंगाल के निर्माण के लिए, भय के माहौल को समाप्त करने के लिए और महिलाओं की गरिमा की रक्षा के लिए, पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार की स्थापना अब अनिवार्य हो गई है।

मालदा विवाद पर भाजपा नेता तापस रॉय ने कहा कि न सिर्फ बंगाल के लोग, बल्कि पूरे देश के लोग आसानी से समझ सकते हैं कि बंगाल में क्या हुआ था और क्या हो रहा है। यह संविधान-विरोधी, लोकतंत्र-विरोधी है और चुनाव के हर नियम का उल्लंघन है। इसलिए, चुनाव आयोग को सकारात्मक कदम उठाने चाहिए। पश्चिम बंगाल में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव करवाना चुनाव आयोग के सामने एक चुनौती है।

उन्होंने कहा कि टीएमसी ने 15 साल में जो किया है, जनता उसे भूल नहीं सकती है। उसकी वजह से टीएमसी ने अपना जनसमर्थन खो दिया है।

भाजपा प्रत्याशी शंकर घोष ने कहा कि यह कोई निजी लड़ाई नहीं है, यह एक राजनीतिक लड़ाई है और हम किसी भी दूसरी पार्टी से काफी आगे हैं। मुझे नहीं लगता कि कोई चुनौती है, हमारा अनुमान है कि सिर्फ सिलीगुड़ी विधानसभा सीट से ही हमें 70,000 से ज़्यादा वोटों की बढ़त मिलेगी। जैसा कि आप जानते हैं कि पिछली बार संसदीय चुनाव में हमारी बढ़त 66,000 वोटों की थी। इसलिए इस बार हम उस बढ़त को भी पार करने की कोशिश करेंगे।

भाजपा नेता देबाश्री चौधरी ने कहा कि इस बार बदलाव की एक लहर उठी है। लोगों ने अपना मन बना लिया है। जनता इस भ्रष्ट और दमनकारी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है। पश्चिम बंगाल में भाजपा के लिए समर्थन की एक जबरदस्त लहर दिखाई दे रही है।

–आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम


Show More
Back to top button