भोपाल में इलाज के दौरान मरीज की मौत, अस्पताल में हंगामा


भोपाल, 4 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मरीज की मौत पर परिजन और परिचित भड़क उठे। उन्होंने हंगामा किया और पुलिस पर पथराव भी किया।

जानकारी के अनुसार, राजधानी के आनंद नगर स्थित लक्ष्मी अस्पताल में मंगलवार की रात को लक्ष्मण नामक व्यक्ति को पेट में दर्द होने की शिकायत पर उपचार के लिए लाया गया था। उसकी हालत गंभीर थी मगर बुधवार को उसकी मौत हो गई।

इस पर परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तोड़फोड़ कर दी। मरीज के परिजनों द्वारा किए गए हंगामे की जानकारी अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को दी। पुलिस बल मौके पर पहुंचा तो मरीज के परिजनों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस पथराव में एक पुलिस जवान घायल भी हुआ है।

हालत बिगड़ने पर अन्य क्षेत्रों के पुलिस बल को भी मौके पर बुलाया गया और बल प्रयोग कर कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि मरीज के इलाज में न केवल देरी की गई बल्कि लापरवाही की गई, जिसके चलते जान नहीं बचाई जा सकी।

इतना ही नहीं, अस्पताल में स्टाफ भी नहीं था और इसीलिए यह गुस्सा बढ़ गया। पुलिस ने अस्पताल में तोड़फोड़ तथा पथराव करने को लेकर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरी ओर, मृतक युवक का पोस्टमार्टम कराया गया।

–आईएएनएस

एसएनपी/डीएससी


Show More
Back to top button