जीटीबी अस्पताल में पंखा गिरने से नहीं, गंभीर बीमारी से हुई मरीज की मौत


नई दिल्ली, 19 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल के वार्ड नंबर 27 में सीलिंग फैन गिरने से एक शख्स की मौत की खबर सामने आई थी। अब इस मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन ने बयान जारी किया है।

अस्पताल ने कहा है कि पंखा गिरने की घटना के बाद मरीज की जांच की गई थी, लेकिन उसके शरीर पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले। मरीज की मौत उसकी पहले से मौजूद गंभीर बीमारी के कारण हुई है।

अस्पताल के अनुसार, 18 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे वार्ड स्टाफ से सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर 27 के एक क्यूबिकल में छत से सीलिंग फैन गिर गया है।

सूचना मिलते ही पीडब्ल्यूडी की मेंटेनेंस टीम मौके पर पहुंची। टीम ने प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित किया। क्षतिग्रस्त पंखे को हटाया और खराब पंखे की जगह नया सीलिंग फैन लगाकर व्यवस्था को बहाल कर दिया।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि 19 जुलाई 2026 को क्षतिग्रस्त पंखे की विस्तृत जांच की गई। जांच में पाया गया कि पंखे का शाफ्ट टूट गया था, जिसके कारण पंखा गिरा। अस्पताल ने कहा कि पंखे के शाफ्ट में इस तरह की खराबी की विस्तृत जांच की जाएगी। अस्पताल ने यह भी बताया कि इस घटना में किसी मरीज, तीमारदार या स्वास्थ्यकर्मी को कोई बड़ी चोट नहीं आई।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिस मरीज की मौत की खबर सामने आई थी, वह पहले से ही गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती था। उसका इलाज अनियंत्रित उच्च रक्तचाप, स्ट्रोक/एन्सेफैलोपैथी, एस्पिरेशन निमोनिया और रेस्पिरेटरी फेल्योर (सांस की विफलता) के लिए किया जा रहा था।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि घटना के बाद मरीज की तुरंत चिकित्सकीय जांच की गई और पंखा गिरने से किसी चोट की संभावना को देखते हुए उसका परीक्षण किया गया, लेकिन शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट नहीं मिली।

अस्पताल के मुताबिक मरीज की मौत 19 जुलाई 2026 की दोपहर उसकी पहले से मौजूद चिकित्सकीय समस्याओं और रेस्पिरेटरी फेल्योर के कारण हुई। शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

अस्पताल ने स्पष्ट किया कि मरीज की मृत्यु का कारण उसकी गंभीर स्वास्थ्य स्थिति थी और इसका पंखा गिरने की घटना से कोई संबंध नहीं है।

–आईएएनएस

एएमटी/वीसी


Show More
Back to top button