पेरिस डायमंड लीग : लगातार दूसरे स्थान पर रहे नीरज चोपड़ा की नजर गोल्ड पर


नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। ‘गोल्डन बॉय’ कहे जाने वाले ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा शुक्रवार-शनिवार की रात ( भारतीय समयानुसार सुबह 1:12 बजे) जब स्टेड सेबेस्टियन शार्लेट में पेरिस डायमंड लीग में उतरेंगे तो उनकी नजर गोल्ड मेडल पर होगी।

नीरज चोपड़ा साल 2017 के बाद पहली बार पेरिस डायमंड लीग में दिखेंगे। आखिरी बार जूनियर विश्व चैंपियन के रूप में पहुंचे नीरज ने 84.67 मीटर भाला फेंका था और पांचवें स्थान पर रहे थे। आठ साल बाद नीरज पहले से मजबूत स्थिति में हैं और इस इवेंट को यादगार बनाना चाहेंगे। डायमंड लीग का पेरिस चरण डायमंड लीग सीजन के 15 नियोजित कार्यक्रमों में से आठवां है। ये अगस्त 2025 में स्विट्जरलैंड में दो दिवसीय फाइनल में समाप्त होंगे।

नीरज चोपड़ा ने 2025 में अपने अभियान की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका में पोच इनविटेशनल में जीत के साथ की थी। इवेंट में उन्होंने 84.52 मीटर थ्रो किया था। हालांकि दोहा में वह तब चर्चा में आए जब 90 मीटर के रेंज को पार करते हुए 90.23 मीटर का थ्रो किया। भाला फेंक में यह राष्ट्रीय रिकॉर्ड है।

नीरज चोपड़ा के 90.23 मीटर के थ्रो को जर्मनी के जूलियन वेबर ने पीछे छोड़ दिया। वेबर ने 91.06 मीटर के थ्रो से साथ गोल्ड मेडल जीता और नीरज दूसरे नंबर पर रहे। वेबर ने पोलैंड के जानुस कुसोसिन्स्की मेमोरियल में भी नीरज को पछाड़ा था। तब नीरज के 84.14 मीटर थ्रो के मुकाबले वेबर ने 86.12 मीटर का थ्रो फेंका था।

पेरिस डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा के सबसे तगड़े प्रतिद्वंदी जर्मनी के जूलियन वेबर ही हैं।

इवेंट में सात प्रतियोगी हैं, जिसमें नीरज चोपड़ा (भारत), लुइज मौरिसियो डी सिल्वा (ब्राजील), एंड्रियन मार्डारे (मोल्दोवा), एंडरसन पीटर्स (ग्रेनेडा), केशोर्न वालकॉट (त्रिनिदाद और टोबैगो), जूलियन वेबर (जर्मनी) और जूलियस येगो (केन्या)।

इवेंट में हिस्सा ले रहे सात प्रतियोगियों में से पांच का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90 मीटर से अधिक है। इससे पता चलता है कि प्रतियोगिता कितनी कठिन होने वाली है। अगर नीरज इस इवेंट में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो बहुप्रतीक्षित डायमंड लीग फाइनल के लिए उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा।

–आईएएनएस

पीएके/एकेजे


Show More
Back to top button