यूसीआईएल में मेडिकल ऑफिसर बनने का मौका, बिना लिखित परीक्षा के होगा चयन


रांची, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े जो लोग सरकारी नौकरी की बेहतर तलाश में जुटे हैं, उनके लिए एक शानदार मौका सामने आया है। यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल), झारखंड ने मेडिकल ऑफिसर के कुल दो पदों पर भर्ती के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।

यूसीआईएल की ओर से जारी पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन वाक-इन-इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 80,500 से 1,20,600 रुपए के बीच प्रति महीने होगी। वहीं, उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 64 साल निर्धारित की गई है।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस की डिग्री के साथ प्रतिष्ठित अस्पताल में कार्य करने का अनुभव होना चाहिए। वहीं, संबंधित क्षेत्र में पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री और एएफआईएच योग्यता वाले कैंडिडेट्स को प्राथमिकता दी जाएगी।

वाक-इन-इंटरव्यू का आयोजन शुक्रवार 17 अप्रैल को सुबह 09.30 बजे से ‘यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल), डाकघर पता: जादुगुडा माइंस, जिला: सिंहभूम (पूर्व), झारखंड – 832102’ पते पर किया जाएगा। ऐसे में जो भी इच्छुक उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उन्हें निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचने के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स और आवेदन फॉर्म को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

एप्लीकेशन फॉर्म डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले यूसीआईएल, झारखंड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी आधिकारिक अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और इंटरव्यू के लिए केंद्र पर याद से साथ ले जाएं।

बता दें, यूसीआईएल ने झारखंड में मेडिकल ऑफिसर पदों पर भर्ती निकालने के अलावा, विभिन्न क्षेत्रों में असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट (सिविल) सहित कई पदों के लिए अलग-अलग भर्ती अधिसूचनाएं जारी की हैं, जिससे जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए कैंडिडेट्स यूसीआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जारी अधिसूचना चेक कर सकते हैं।

–आईएएनएस

डीके/पीएम


Show More
Back to top button