ऑस्ट्रेलिया के 26 फीसदी लोग ही ईरान संघर्ष के पक्ष में: सर्वेक्षण में खुलासा

कैनबरा, 25 मार्च (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया की 26 फीसदी जनता ईरान पर यूएस-इजरायल के हमलों को सही मानती है। वहीं 50 फीसदी आबादी ऑस्ट्रेलियाई सैनिकों की तैनाती को ठीक नहीं मानती। ये खुलासा एक सर्वे में किया गया है।
सिन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, स्वतंत्र फर्म ‘एसेंशियल रिसर्च’ के सामाजिक और सियासी मुद्दों पर किए गए मासिक पोल, ‘द एसेंशियल रिपोर्ट’ के नवीनतम संस्करण में रिपोर्ट प्रकाशित की गई। जिसके मुताबिक 10 फीसदी लोग ईरान पर हमले शुरू करने के यूएस-इजरायल के फैसले को पूरी तरह से जायज हमला मानते हैं और 16 फीसदी लोग इसे ठीक-ठाक एक्शन करार दे रहे हैं।
इसकी तुलना में, 27 फीसदी ने कहा कि वे इस संघर्ष के सख्त खिलाफ हैं और 15 फीसदी ने कहा कि वे इसे नामंजूर करते हैं, जबकि बाकी लोग या तो निष्पक्ष रहने में यकीन रखते हैं या इस फैसले को लेकर असमंजस में हैं।
संघर्ष में ऑस्ट्रेलिया के शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर, पोल में शामिल 50 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे ईरान में यूएस-इजरायली जमीनी अभियान के समर्थन में सेना भेजने का विरोध करेंगे, जबकि 21 प्रतिशत ने कहा कि वे ऐसे कदम के पक्ष में हैं।
उत्तरदाताओं ने ईरान के जवाबी हमलों से प्रभावित यूनाइटेड अरब अमीरात सरीखे तीसरे पक्ष के सहायतार्थ ऑस्ट्रेलिया की ओर से हथियार और सामान भेजने का भी विरोध किया।
60 फीसदी नागरिक चाहते हैं कि ऑस्ट्रेलिया शांति संवाद को तवज्जो दे और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के साथ मिलकर काम करे।
कूटनीति और व्यापार के मामले में 34 फीसदी मानते हैं कि यूनाइटेड स्टेट्स के साथ संबंधों में एहतियात बरती जाए और उनके साथ काम कम किया जाए, जबकि 2021 में ये दर 21 फीसदी थी।
पिछले हफ्ते 1,008 लोगों के पोल में पाया गया कि 43 फीसदी लोग ईरान पर यूएस-इजरायल की स्ट्राइक से सहमत नहीं थे, जबकि सिर्फ 26 फीसदी ने इस कदम को सही बताया। लगभग 31 फीसदी लोग असमंजस में थे और उन्होंने “पता नहीं” जवाब दिया।
–आईएएनएस
केआर/