अरिजीत सिंह के संन्यास पर स्वानंद किरकिरे ने कहा, 'बॉलीवुड को खलेगी उनके सुरों की कमी'


मुंबई, 23 फरवरी (आईएएनएस)। मशहूर गायक और संगीतकार स्वानंद किरकिरे इन दिनों हालिया रिलीज वेब सीरीज ‘बैंडवाले को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। उन्होंने इस सीरीज की कहानी का लेखन और अभिनय किया है। यह सीरीज सपनों को सच करने की एक खूबसूरत और प्रेरणादायक कहानी पर आधारित है।

हाल ही में स्वानंद ने आईएएनएस के साथ खास बातचीत में प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट पर कहा कि शायद अरिजीत थक गए हैं। उन्होंने कहा, “म्यूजिक इंडस्ट्री को अभी भी अच्छे और प्रतिभाशाली गायकों की जरूरत है। अरिजीत का इंडिपेंडेंट म्यूजिक में कुछ नया करने का फैसला सम्मानजनक है, लेकिन बॉलीवुड को उनके सुर की कमी खलेगी।”

उन्होंने आगे बॉलीवुड में चल रहे काम को लेकर टिप्पणी दी। उन्होंने कहा, “बॉलीवुड की तेज रफ्तार और लगातार काम का दबाव किसी को भी थका सकता है। ऐसे में एक क्रिएटिव ब्रेक लेना बुरा नहीं है। इससे सिंगर अरिजीत रिफ्रेश होकर और ज्यादा जोश के साथ वापस आ सकते हैं।

स्वानंद ने नेहा के ब्रेक और अरिजीत के रिटायरमेंट पर बात करते हुए कहा, “अरिजीत का रिटायरमेंट ऐसा नहीं होना चाहिए था। वे अभी युवा और टैलेंटेड हैं। म्यूजिक की दुनिया को उनकी सख्त जरूरत है। यह जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। शायद वे थक गए हों, ऐसा हो सकता है।”

उन्होंने आगे कहा, “शायद अरिजीत बोर हो गए हों। वे सिर्फ गाना नहीं गाते, बल्कि फिल्ममेकिंग भी करते हैं और कई दूसरे काम करना चाहते हैं। उनके अपने कुछ निजी कारण जरूर होंगे। वे रिटायरमेंट ले सकते हैं, क्योंकि आजकल बहुत से नए और अच्छे सिंगर आ रहे हैं। जैसे पहले अरिजीत ने अपनी जगह बनाई थी, वैसे ही अब नए टैलेंट इंडस्ट्री में एंट्री कर रहे हैं और अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।”

किरकिरे ने अपनी बात को खत्म करते हुए कहा कि अगर अरिजीत इंडिपेंडेंट म्यूजिक की ओर जा रहे हैं, तो बहुत अच्छा होगा।

अक्षत वर्मा द्वारा निर्देशित सीरीज में शालिनी पांडे, जहान कपूर, आशीष विद्यार्थी, स्वानंद किरकिरे, अनुपमा कुमार और संजना दीपू जैसे कलाकार शामिल हैं।

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Show More
Back to top button