ओडिशा सीएम मोहन चरण माझी का दो दिवसीय दिल्ली दौरा संपन्न, 66392 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले


नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी का दो दिवसीय दिल्ली-एनसीआर निवेश संपर्क अभियान शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस दौरान राज्य को 66,392 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 54,135 रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित इस निवेश अभियान में देश की प्रमुख कंपनियों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय बैठकें, क्षेत्रवार गोलमेज चर्चा और नोएडा स्थित हायर के विनिर्माण संयंत्र का दौरा शामिल रहा। अभियान का उद्देश्य उद्योगों की रुचि को वास्तविक निवेश में बदलना, विनिर्माण क्षेत्र को मजबूत करना और ओडिशा में रोजगार के नए अवसर पैदा करना था।

दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने नोएडा स्थित हायर के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का दौरा किया। उन्होंने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों के साथ बातचीत की तथा उत्पादन प्रक्रियाओं और प्रणालियों का निरीक्षण किया।

इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स, उपभोक्ता उत्पाद, सप्लाई चेन और सहायक उद्योगों के क्षेत्र में ओडिशा में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा, “ओडिशा ऐसा औद्योगिक वातावरण तैयार कर रहा है जहां उद्योग बढ़ें, रोजगार पैदा करें और दीर्घकालिक मूल्य सृजित करें। हमारा लक्ष्य सिर्फ निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि स्थानीय आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करना और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करना है।”

हायर संयंत्र के दौरे के बाद मुख्यमंत्री ने नोएडा में विभिन्न उद्योग समूहों के प्रमुखों के साथ व्यक्तिगत बैठकें कीं। इन बैठकों में निवेश, विस्तार योजनाओं, उद्योग-विशेष आवश्यकताओं और ओडिशा में कारोबार स्थापित करने के लिए आवश्यक सहयोग पर चर्चा हुई।

इसके अलावा कई क्षेत्रीय गोलमेज बैठकों का आयोजन भी किया गया।

इंजीनियरिंग गुड्स मैन्युफैक्चरिंग राउंडटेबल में उत्पादन, औद्योगिक बुनियादी ढांचे, सहायक उद्योगों और सप्लाई चेन विकास की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

टेक्सटाइल एवं परिधान क्षेत्र की बैठक में वस्त्र निर्माण, निर्यात, कुशल कार्यबल और रोजगार आधारित निवेश के अवसरों पर विचार-विमर्श हुआ।

वहीं, एल्यूमीनियम डाउनस्ट्रीम और सहायक उद्योग राउंडटेबल में एल्यूमीनियम क्षेत्र में मूल्य संवर्धन, डाउनस्ट्रीम उद्योगों और एमएसएमई की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

दो दिवसीय निवेश अभियान के दौरान राज्य को विभिन्न क्षेत्रों से बड़े निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। कुल निवेश प्रस्ताव 66,392 करोड़ रुपए, संभावित रोजगार: 54,135 की संभावना है। इसके साथ ही 38 एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू के जरिए 64,703 करोड़ रुपए का निवेश मिलेगा। इसके साथ ही, 46,071 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि दो दिनों के दौरान उद्योग जगत से मिला सकारात्मक प्रतिसाद बेहद उत्साहजनक है।

उन्होंने कहा, “ओडिशा ‘पूर्वोदय’ के लिए पूरी तरह तैयार है। हमें करीब 66,392 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 54,135 रोजगार अवसर बनने की संभावना है। यह निवेश अभियान सफल रहा है और इससे ओडिशा के प्रति उद्योग जगत का बढ़ता विश्वास दिखाई देता है।”

राज्य के उद्योग मंत्री संपद चंद्र स्वाईं ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में उद्योग जगत की प्रतिक्रिया ओडिशा के निवेश माहौल में बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।

उन्होंने कहा, “हमारी प्राथमिकता निवेशकों को सहयोग प्रदान करना, क्षेत्रीय मूल्य श्रृंखलाओं को मजबूत करना और राज्य के लोगों के लिए अधिक रोजगार अवसर पैदा करना है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि निवेश की यह रुचि वास्तविक परियोजनाओं में बदले।”

सरकार के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर दौरे के दौरान 46 उच्चस्तरीय बैठकें और 208 से अधिक उद्योग संवाद आयोजित किए गए। इससे इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग, टेक्सटाइल, एल्यूमीनियम, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य उभरते क्षेत्रों में ओडिशा की संभावनाओं को नया बल मिला है।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी


Show More
Back to top button