ओडिशा : सीएम माझी ने बीजू पटनायक को दी श्रद्धांजलि, बताया 'दूरदर्शी नेता'
भुवनेश्वर, 5 मार्च (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की 109वीं जयंती पर बुधवार को राज्य विधानसभा परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री माझी ने एक कार्यक्रम में ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “बीजू बाबू का योगदान ओडिशा के आधुनिक निर्माण में अभूतपूर्व था और उनकी योजनाओं ने राज्य के विकास में अहम भूमिका निभाई।”
मोहन माझी ने बीजू जनता दल (बीजद) के संस्थापक बीजू पटनायक को एक दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने आधुनिक ओडिशा के निर्माण में योगदान दिया। बेहतर प्रशासन के लिए राज्य में जिलों की संख्या 13 से बढ़ाकर 30 की, राज्य के लिए औद्योगिक नीति तैयार की, पारादीप बंदरगाह बनाया, ये सब उनकी ही देन हैं। उन्होंने कहा कि नई सरकार राज्य के विकास के लिए उनके विजन पर काम करेगी और हम उनके जन्मदिन को पूरे उत्साह के साथ मनाएंगे।
सीएम माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। जनता के कल्याण और राज्य के विकास को नई दिशा देने में उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। एक राजनेता, स्वतंत्रता सेनानी और राष्ट्रवादी नेता के रूप में उन्हें सदैव याद किया जाएगा।”
बीजू पटनायक की बुधवार को 109वीं जयंती है। ओडिशा के इतिहास में उन्हें एक महान व्यक्ति माना जाता है। वह सभी ओडिशावासियों के लिए गौरव थे। ओडिशा को आधुनिक राज्य बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूर्व मुख्यमंत्री बिजयानंद पटनायक, जिन्हें लोग प्यार से बीजू पटनायक कहते थे, का जन्म 5 मार्च 1916 को कटक जिले के तुलसीपुर स्थित आनंद भवन में हुआ था।
उन्हें ‘द टॉल मैन’ की उपाधि से सम्मानित किया गया है। उन्होंने आधुनिक ओडिशा को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इंडोनेशियाई स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान के लिए उन्हें इंडोनेशियाई सरकार से ‘भूमि पुत्र’ पुरस्कार मिला था।
–आईएएनएस
एकेएस/एकेजे