ओडिशा : भाजपा ने की ममता बनर्जी के बयान की निंदा, दुर्गापुर पीड़िता के लिए न्याय की मांग


भुवनेश्वर, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर सियासत गरमा गई है। इस क्रम में ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में भाजपा महिला मोर्चा ने घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव रश्मि रेखा दास ने कहा कि यह बेहद निराशाजनक है कि एक महिला होने के बावजूद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दुर्गापुर में एक लड़की से जुड़ी घटना में सहानुभूति और जिम्मेदारी दिखाने में विफल रही हैं। उनकी टिप्पणियां असंवेदनशील और अस्वीकार्य हैं।

उन्होंने कहा कि एक महिला नेता होने के नाते, उन्हें इस तरह के बयान देने के बजाय महिलाओं के सम्मान और न्याय के लिए खड़ा होना चाहिए था। भाजपा महिला मोर्चा उनके रवैये की कड़ी निंदा करता है और पीड़िता के लिए न्याय सुनिश्चित करने की मांग करता है।

उन्होंने कहा कि पूरे भारत में महिलाएं किसी भी महिला मुख्यमंत्री की ऐसी असंवेदनशीलता बर्दाश्त नहीं करेंगी।

इससे पहले भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने लड़की के बाहर निकलने के समय को लेकर झूठ बोला है।

मालवीय के आधिकारिक ‘एक्स’ पोस्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि पीड़िता रात के 12:30 बजे के बाद बाहर गई थी, लेकिन अस्पताल के दस्तावेजों से उजागर हुआ है कि यह वक्त रात के 8 बजे था। आईक्यू सिटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के रिकॉर्ड्स के मुताबिक, लड़की ने रात 8 बजे परिसर से बाहर कदम रखा था, जो कि ‘किसी भी मानक’ के हिसाब से एक तय समय है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की झूठी जानकारी जनता को गुमराह करने की कोशिश है। घटना कॉलेज परिसर के अंदर नहीं हुई। छात्रा, जो कि दलित समुदाय से ताल्लुक रखती है, उसके साथ हुई यह हिंसा परिसर से बाहर की है। इसलिए सुरक्षा की जिम्मेदारी अब पुलिस और राज्य प्रशासन की बनती है।

–आईएएनएस

एमएस/एबीएम


Show More
Back to top button