नोएडा: मोबाइल स्नैचिंग गिरोह का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार


नोएडा, 9 मार्च (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-113 थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के छह मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, रविवार को थाना सेक्टर-113 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपी अरुण को गिरफ्तार किया। वहीं उसके साथ शामिल एक नाबालिग को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। दोनों आरोपियों के पास से स्नैचिंग और चोरी किए गए छह मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर नोएडा के अलग-अलग क्षेत्रों में राह चलते लोगों को निशाना बनाता था। दोनों आरोपी सड़क पर चल रहे लोगों से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो जाते थे। इसके बाद चोरी और स्नैचिंग किए गए मोबाइल फोन को राह चलते लोगों को मजबूरी बताकर बेहद कम कीमत पर बेच देते थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने कुछ दिन पहले सेक्टर-119 क्षेत्र में एक ऑटो से भी मोबाइल फोन चोरी किया था। उस मोबाइल को बेचकर मिले पैसे दोनों ने आपस में बांट लिए थे। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण पुत्र रामजीवन के रूप में हुई है। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के संडीला थाना क्षेत्र के कृपालपुर गांव का रहने वाला है और वर्तमान में नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के होशियारपुर गांव में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-113 में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने शहर में और किन-किन जगहों पर वारदातों को अंजाम दिया है।

–आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच


Show More
Back to top button