नोएडा पुष्प प्रदर्शनी : तीसरे दिन हुए विविध कार्यक्रम, एक लाख से ज्यादा लोगों ने की शिरकत

नोएडा, 22 फरवरी (आईएएनएस)। नोएडा के शिवालिक पार्क सेक्टर 33ए में चल रही 37वीं वार्षिक नोएडा पुष्प प्रदर्शनी के तीसरे दिन कई आकर्षक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में शामिल आगंतुकों ने बागवानी परिचय, विभिन्न श्रेणियों में चयनित विजेताओं को पुरस्कार वितरण, भारतीय शास्त्रीय एवं लोक नृत्य तथा गीत प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
20 फरवरी को प्रारंभ हुई इस पुष्प प्रदर्शनी में अब तक एक लाख से ज्यादा आगंतुकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। प्रदर्शनी में विभिन्न स्टॉल्स पर खाने-पीने की दुकानों, पेड़-पौधों की दुकानों और बच्चों के खेलने के लिए खिलौनों की दुकानों से खरीदारी की गई। साथ ही बच्चों ने किड्स जोन में लगे झूलों का भरपूर लुत्फ उठाया।
पुष्प प्रदर्शनी में विभिन्न प्रजातियों के फूलों से तैयार आकर्षक शिल्पों ने सभी का ध्यान खींचा। काशी विश्वनाथ मंदिर, कलश, शंख, चक्र, कैप्सिकम घर, कप-केतली, हंस और मिकी माउस जैसी कृतियां प्रदर्शनी में मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। यह प्रदर्शनी न केवल फूलों की सुंदरता को प्रदर्शित कर रही है, बल्कि यह एक बेहतरीन सांस्कृतिक और मनोरंजन अनुभव भी प्रदान कर रही है।
इस बार की थीम डिमोर फोटिका है। यहां 100 प्रजातियों के पुष्पों को रखा गया है, जिसके लिए करीब ढाई लाख गमले लगाए गए हैं। 10 से ज्यादा राज्यों के राजकीय पुष्प भी इसमें शामिल किए गए हैं। यहां बनारस के काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर महाकुंभ तक की झलक देखने को मिल रही है। यहां पर कुंभ कलश, आम और चाय केतली को रखा गया है। इसके अलावा फूलों का गेट बनाया गया है।
यहां सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इस फ्लावर शो में 35 फीट ऊंचा काशी विश्वनाथ मंदिर बनाया गया है। त्रिवेणी संगम की थीम पर 8 फीट का अमृत कलश बनाया गया है। इसके अलावा 10 फीट चौड़ा और 12 फीट ऊंचा पुष्प द्वार बनाया गया है। 10 फीट चौड़ा और 8 फीट ऊंचा कैप्सिकम हट बनाया गया है।
फ्लावर शो में शनिवार को स्कूली बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके अलावा रविवार को लेजर शो और कवि सम्मेलन होगा।
–आईएएनएस
पीकेटी/सीबीटी