न मेकअप, न दिखावा… सुभाष घई ने बताया कौन थी उनके घर की पार्टी की 'असली स्टार'

मुंबई, 3 फरवरी (आईएएनएस)। बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक सुभाष घई ने अपनी फिल्मों से लोगों का मनोरंजन करने के साथ कई कलाकारों को पहचान भी दी है। जैकी श्रॉफ और अभिनेत्री मिनाक्षी शेषार्द्रे ने सुभाष घई की फिल्म हीरो से दर्शकों के दिलों में खास पहचान बनाई थी।
हाल ही में निर्देशक ने जैकी श्रॉफ और मिनाक्षी से मुलाकात की, और इस मुलाकात की तस्वीर उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर की। इसमें मिनाक्षी, जैकी और सुभाष के साथ नजर आ रहे हैं। सुभाष ने पोस्ट कर मिनाक्षी की तारीफ करते हुए लिखा, “चार दिना दा प्यार ओ रब्बा – लंबी जुदाई।”
निर्देशक ने बताया कि लंबे समय के बाद मिनाक्षी से मिलकर अच्छा लगा। उन्होंने लिखा, “न कोई मेकअप, न सजावट, न दिखावा। वह हमारे घर पर हुई पार्टी की सबसे बड़ी आकर्षण थीं, जहां हम अपने प्यारे जैकी श्रॉफ का जन्मदिन मना रहे थे। उनका नाम है मीनाक्षी शेषाद्रि।”
निर्देशक ने आगे लिखा, “मीनाक्षी ने अपने करियर की शुरुआत मेरे फिल्म ‘हीरो’ (1983) से की थी, जिसमें जैकी श्रॉफ भी थे। सादगी ही किसी भी महान हीरो या हीरोइन की सबसे बड़ी खूबी होती है। उन्हें ढेरों शुभकामनाएं, ईश्वर उन्हें आगे भी उज्ज्वल भविष्य दे। उन्हें देखकर बहुत खुशी हुई, उनसे मिलना वाकई सुखद रहा।”
मीनाक्षी 1980 और 1990 के दशक की मशहूर अभिनेत्रियों में से एक थीं। अभिनेत्री ने भले ही 1983 में आई फिल्म ‘पेंटर बाबू’ से करियर की शुरुआत की, लेकिन उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान फिल्म ‘हीरो’ से मिली थी। इस फिल्म में जैकी श्रॉफ, शम्मी कपूर, संजीव कुमार और अमरीश पुरी अहम भूमिका में नजर आए थे। यह फिल्म 16 दिसंबर 1983 को रिलीज हुई थी और अपनी शानदार कहानी, लोकप्रिय संगीत और अभिनय के लिए जानी जाती है।
फिल्म की कहानी एक डाकू (जैकी) एक पुलिस वाले की बेटी (मीनाक्षी) को अगवा कर लेता है और फिर दोनों में प्यार हो जाता है, जो संघर्षपूर्ण प्रेम कहानी में बदल जाती है।
–आईएएनएस
एनएस/डीकेपी