बिहार से नीतीश की विदाई तय, तेजस्वी के नेतृत्व में बनेगी अगली सरकार: रोहिणी आचार्य


पटना, 1 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने बिहार चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि इस चुनाव में नीतीश कुमार की विदाई तय है और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बिहार की अगली सरकार बन रही है।

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को लोग 2005 में पहचानने लगे थे और यह पहचान लालू यादव ने ही दी थी। बिहार भाजपा के सभी नेता लालू जी के ‘प्रोडक्ट’ हैं।

एनडीए के कई नेता आज भी लालू के नाम का इस्तेमाल अपना राजनीतिक करियर चमकाने के लिए करते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता समझदार है और इस बार नीतीश कुमार की विदाई तय है।

रोहिणी आचार्य ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार कहते थे कि नौकरियां पैदा करना असंभव है। तेजस्वी यादव ने उस असंभव को संभव बना दिया। 5 लाख नियुक्ति पत्र बांटे। उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज आए दिन हत्या की जा रही हैं। मोकामा में हत्या कर दी जाती है, आरा से भी अपराध की घटनाएं सामने आई हैं। यहां तक कि पटना में भी व्यापारियों की हत्या हुई। उन्होंने सवाल किया कि कहां है सुशासन?

एनडीए के संकल्प पत्र पर उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ने एनडीए को घुटनों पर ला दिया है। जो-जो घोषणाएं तेजस्वी ने की थीं, एनडीए ने सिर्फ कॉपी-पेस्ट करने का काम किया है।

रोहिणी आचार्य ने कहा कि महिला अधिकारों पर तेजस्वी के प्रस्तावों को अपनाने में एनडीए को वर्षों लग गए। उन्होंने तो बस उन्हें अपने घोषणापत्र में शामिल कर लिया। 20 वर्षों से वे महिलाओं का सम्मान या सशक्तिकरण करने में नाकाम रहे हैं।

भाजपा और एनडीए महिलाओं का समर्थन करने का दावा करते हैं, फिर भी उनके उम्मीदवारों के चयन में महिलाओं का प्रतिनिधित्व न्यूनतम है। महिलाओं की समानता के प्रति सच्ची प्रतिबद्धता का अभाव है। महिला सशक्तिकरण की बात करने वाली भाजपा बताए कि इस चुनाव में कितनी महिलाओं को टिकट दिया है।

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ये वही एनडीए की सरकार है, जिसमें मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड हुआ। योगी आदित्यनाथ को उस पर बोलना चाहिए था। वे मोकामा और आरा की घटनाओं पर क्यों नहीं बोलते हैं?

–आईएएनएस

डीकेएम/वीसी


Show More
Back to top button