जर्मनी दौरे पर निर्मला सीतारमण ने बीएमडब्ल्यू के अध्यक्ष और बवेरिया के मंत्री से की मुलाकात


नई दिल्ली, 14 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण जर्मनी के दौरे पर हैं। इस दौरान वह उच्चस्तरीय म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में शामिल हुईं और महत्वपूर्ण पैनल चर्चाओं में भी भाग लिया।

वित्त मंत्रालय की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा गया है कि केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने जर्मनी के म्यूनिख में बवेरिया के यूरोपीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामलों के मंत्री एरिक बेइसवेंगर से मुलाकात की।

आगे बताया गया कि जनवरी 2026 में जर्मन चांसलर की भारत यात्रा के मद्देनजर, दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच मजबूत द्विपक्षीय साझेदारी पर चर्चा की, जिसे वे लगातार मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर भी चर्चा की और हरित एवं सतत साझेदारी के माध्यम से जलवायु वित्तपोषण के अवसरों का पता लगाया, साथ ही दोनों देशों के पुनर्चक्रण उद्योगों में सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान पर भी विचार किया।

इसके साथ ही केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने जर्मनी के म्यूनिख में बीएमडब्ल्यू एजी के प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष श्री ओलिवर जिप्से से मुलाकात की।

इस मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वित्त मंत्रालय की तरफ से बताया गया कि मुलाकात के दौरान दोनों ने हालिया सुधारों के आलोक में भारत की अर्थव्यवस्था को खोलने पर चर्चा की, जिसमें नीतिगत निरंतरता और स्थिरता पर विशेष ध्यान दिया गया।

पोस्ट में आगे बताया गया कि वित्त मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के 2047 के विजन पर प्रकाश डाला, जिसे जीएसटी, सीमा शुल्क, विनिर्माण, सनराइज और ऑटो सेक्टर में पीएलआई (उत्पादकता बढ़ाने की योजना) जैसे सुधारों का समर्थन प्राप्त है, जिसमें ऊर्जा दक्षता, इलेक्ट्रिक वाहनों और बैटरी अवसंरचना पर विशेष ध्यान दिया गया है।

–आईएएनएस

एएमटी/वीसी


Show More
Back to top button