दुबई में साझा आवास के लिए नया कानून जारी, मकान मालिक और निवासियों के अधिकार सुरक्षित

नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। दुबई में साझा आवास (शेयर हाउसिंग) को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए शासक मोहम्मद बिन राशिद ने नया कानून जारी किया है। इस कानून का उद्देश्य साझा आवास के प्रबंधन और रहने के नियम तय करना, मकान मालिकों और निवासियों के अधिकारों की रक्षा करना और शहर में सुरक्षित व स्वस्थ रहने का माहौल सुनिश्चित करना है।
दुबई सरकार के मीडिया ऑफिस के ऑफिशियल अकाउंट से साझा जानकारी के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात के प्रधानमंत्री और दुबई के शासक मोहम्मद बिन राशिद ने दुबई में साझा आवास (शेयर हाउसिंग) के प्रबंधन और रहने के नियमों को लेकर नया कानून जारी किया है।
यह कानून दुबई में साझा आवास को नियंत्रित करेगा, जिससे मकान मालिकों और रहने वालों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे और सुरक्षित और स्वस्थ रहने का माहौल सुनिश्चित होगा।
इसका उद्देश्य ज्यादा भीड़भाड़ और अनौपचारिक आवास को रोकना, इमारतों और जमीन के इस्तेमाल से जुड़े उल्लंघनों को संबोधित करना, किराये के मामलों में निष्पक्षता बढ़ाना और दुबई के रियल एस्टेट बाजार की स्थिरता और सुंदरता बनाए रखना है।
दुबई में साझा आवास की निगरानी की जिम्मेदारी दुबई म्युनिसिपैलिटी की होगी। वहीं दुबई लैंड डिपार्टमेंट साझा आवास का इलेक्ट्रॉनिक रजिस्टर संभालेगा और इसे दुबई म्युनिसिपैलिटी के एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ेगा।
यह निजी विकास क्षेत्र और फ्री जोन पर लागू होता है। उन मकान मालिकों और निवासियों पर लागू होता है जिनकी संपत्ति साझा आवास के लिए निर्धारित है।
यह उन संस्थाओं पर भी लागू होता है जो मालिकों की ओर से संपत्ति का प्रबंधन करती हैं या किराए पर लेकर दूसरों को उपकिराए पर देती हैं।
सामूहिक श्रमिक आवास (कलेक्टिव लेबर अकोमोडेशन) इस कानून के अंतर्गत नहीं आता।
यह फैसला ऐसे समय लिया गया है, जब पश्चिम एशिया में संघर्ष जारी है। यह संघर्ष 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर संयुक्त हमलों के बाद शुरू हुआ, जिसके जवाब में ईरान ने ड्रोन और मिसाइल हमले किए। इन हमलों का निशाना पश्चिम एशिया में अमेरिकी ठिकाने, क्षेत्रीय राजधानियां और सहयोगी बल बने। इनमें दुबई भी शामिल है।
ईरान की ओर से दुबई एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया। हालांकि दुबई ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम से ईरानी हमलों को निष्क्रिय कर दिया। इसके बाद भी मलबा गिरने से थोड़ा बहुत दुबई को उठाना पड़ा है।
दुबई मीडिया कार्यालय के अनुसार, “प्राधिकरणों ने पुष्टि की है कि दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (डीएक्सबी) के आसपास कुछ समय पहले दो ड्रोन हमले किए गए। इन हमलों में दो घानाई नागरिक और एक बांग्लादेशी नागरिक हल्के रूप से घायल हुए, जबकि एक भारतीय नागरिक को मध्यम चोटें आई हैं। हवाई यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।”
इससे पहले, बुधवार को यूएई के रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की थी कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ईरान से आने वाले मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दे रहे हैं। मंत्रालय ने लोगों से सुरक्षा और सतर्कता के निर्देशों का पालन करने का आग्रह भी किया।
यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, “यूएई की हवाई रक्षा बल वर्तमान में ईरान से आने वाले मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दे रही है। जो आवाजें सुनी गई हैं, वे एयर डिफेंस सिस्टम की मिसाइल और ड्रोन को रोकने की थीं। जनता से अनुरोध है कि सुरक्षा और सतर्कता के निर्देशों का पालन करें।”
–आईएएनएस
एवाई/डीएससी