नीरज घेवान की 'होमबाउंड' ने रचा इतिहास, बेस्ट फिल्म व बेस्ट डायरेक्टर समेत जीते कई अवॉर्ड्स

मुंबई, 25 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय फिल्म समीक्षक संघ ने एक बार फिर सिनेमा और वेब सीरीज की प्रतिभा को पहचानने के लिए हाल ही में ‘8वें क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड्स’ का आयोजन किया था। इस समरोह में फिल्म ‘होमबाउंड’ ने चार श्रेणी में बाजी मारी है।
‘होमबाउंड’ की कहानी सादगी, गहराई और सामाजिक मुद्दों पर आधारित है, जिसने हर किसी के दिल को छुआ है। यही कारण है कि नीरज घायवान द्वारा निर्देशित फिल्म ‘होमबाउंड’ ‘8वें क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड्स’ में ‘सर्वश्रेष्ठ फिल्म’, निर्देशक नीरज घेवान को ‘सर्वश्रेष्ठ निर्देशक’, अभिनेता विशाल जेठवा को फिल्म में दमदार अदाकारी के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ अभिनेता’ और शालिनी वत्स को फिल्म में सहायक भूमिका के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
फिल्म की सफलता और ऐतिहासिक सम्मान प्राप्त करने पर बुधवार को मेकर्स ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फिल्म के किरदारों की तस्वीर पोस्ट कीं। इसके साथ उन्होंने लिखा, “जीत की खुशियां घर लौटकर। ‘क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड्स’ द्वारा दिए गए सभी सम्मान को प्राप्त करके हम दिल से आभारी हैं।”
26 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म दोस्ती, सामाजिक भेदभाव और महामारी जैसे मुद्दों पर आधारित है। फिल्म की कहानी दो बचपन के दोस्तों की है, जो पुलिस बनने का सपना देखते हैं। इसमें शोएब (ईशान) और चंदन (विशाल) दोनों बचपन के दोस्त होते हैं, जो मुस्लिम और दलित समुदाय से ताल्लुक रखते हैं और सरकारी नौकरी के सपने देखते हैं लेकिन इस बीच गरीबी और जातिवाद की वजह से उन्हें कठिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
‘होमबाउंड’ को पहले टॉप 15 फिल्मों की शॉर्टलिस्ट में जगह मिली थी लेकिन अंतिम-पांच में जगह नहीं बन पाई थी। हालांकि, वैश्विक तौर पर फिल्म ने काफी लोकप्रियता हासिल की थी। यह फिल्म कान्स फिल्म फेस्टिवल और टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जा चुकी है और फिल्म को विदेश में स्टैंडिंग ओवेशन मिला था। इसमें इशान खट्टर, जान्हवी कपूर और अन्य कलाकार भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
–आईएएनएस
एनएस/पीएम