मस्क ने बैंकरों को दिया था आश्वासन, ट्विटर अधिग्रहण के लिए दिये गये ऋण पर नहीं होगा नुकसान: रिपोर्ट


सैन फ्रांसिस्को, 17 दिसंबर (आईएएनएस)। टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने पिछले साल अपने ट्विटर अधिग्रहण के लिए 13 अरब डॉलर का ऋण लेने के बाद कथित तौर पर बैंकरों से कहा था कि उन्हें इस सौदे में कोई नुकसान नहीं होगा।

उनके आश्वासन के बावजूद, फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मस्क को पैसा उधार देने वाले सात बैंक – मॉर्गन स्टेनली, बैंक ऑफ अमेरिका, बार्कलेज, एमयूएफजी, बीएनपी पारिबा, मिज़ुहो और सोसाइटी जेनरल – “यदि इस ऋण को बेचते हैं तो उन्हें गंभीर नुकसान का सामना करना पड़ेगा।”

मस्क की मौखिक गारंटी “पिछले साल अधिग्रहण पूरा करने के बाद तेजी से गिर गई”।

रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है, “बैंकों ने भारी घाटे पर बेचने की बजाय कर्ज को अपनी बैलेंस शीट पर रखा है, इस उम्मीद में कि लागत में कटौती के उपायों की एक श्रृंखला के बाद एक्स के प्रदर्शन में सुधार होगा।”

कुल ऋण में 6.5 अरब डॉलर के सावधि ऋण, छह अरब डॉलर के सीनियर और जूनियर बांड और 50 करोड़ डॉलर के रिवॉल्वर शामिल हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि बैंक 2024 में भी कर्ज उतार पाएंगे।

ऋणदाताओं को बांड और ऋण के लिए डॉलर पर 60 सेंट (60 प्रतिशत) भी मिलने की संभावना नहीं है।

इस बीच, मस्क के तहत एक्स प्लेटफ़ॉर्म ने अपने विज्ञापन शेयर में गिरावट देखी है, और कंपनी का राजस्व इस साल 2.5 अरब डॉलर रह सकता है जो तीन अरब डॉलर के आंतरिक लक्ष्य से कम है।

ब्लूमबर्ग ने पिछले सप्ताह रिपोर्ट दी थी कि एक्स पर विज्ञापन बिक्री 2023 के अनुमान से लगभग आधा अरब डॉलर कम है, क्योंकि कई शीर्ष विज्ञापनदाताओं ने यहूदी विरोधी भावना के समर्थन के लिए मंच छोड़ दिया है।

एक्स ने वर्ष की पहली तीन तिमाहियों में से प्रत्येक में 60 करोड़ डॉलर से थोड़ा अधिक विज्ञापन राजस्व अर्जित किया, और वर्तमान अवधि में भी इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा है।

कंपनी ने 2022 में प्रति तिमाही एक अरब डॉलर से अधिक की कमाई की थी।

मस्क ने ट्विटर (जिसे अब एक्स कहा जाता है) को खरीदने के लिए जो ऋण लिया वह लगभग 13 अरब डॉलर था और सोशल मीडिया कंपनी को हर साल ब्याज भुगतान में लगभग 1.2 अरब डॉलर का भुगतान करना पड़ता है।

चूंकि बड़े विज्ञापनदाताओं ने मंच छोड़ दिया और एक्स अपने ऋण पर ब्याज का भुगतान नहीं कर सकता या कर्मचारियों को भुगतान नहीं कर सकता, तो यह वास्तव में दिवालिया हो सकता है।

–आईएएनएस

एकेजे


Show More
Back to top button