बिहार: मधुबनी में पुलिस के साथ मुठभेड़ में हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली


मधुबनी, 15 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के मधुबनी जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में रविवार को हत्या के मामले का एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने इसके पास से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि 10 फरवरी को राजनगर थाना के राघोपुर बलाट के पास जयराम मंडल की अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वे मधुबनी जा रहे थे।

इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई और इस मामले की जांच तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-दो के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने विभिन्न तरीकों से किए गए अनुसंधान के बाद अपराधी की पहचान की थी।

पुलिस को रविवार को गुप्त सूचना मिली कि इस हत्या के मामले में शामिल अपराधकर्मी मोहम्मद अरसद दो अन्य लोगों के साथ एक मोटरसाइकिल से कहीं जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने राजनगर थाना अंतर्गत ग्राम रामपट्टी, बलाट रोड में वाहन चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोका गया। पुलिस को देखते ही बाइक पर सवार मोहम्मद अरसद ने अपने देशी पिस्टल से पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने भी तत्काल मोर्चा संभाला और आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जो अपराधी के पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं पर गिर गया लेकिन मोटरसाइकिल पर सवार अन्य दो लोग वहां से भागने में सफल रहे।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने तुरंत मोहम्मद अरसद को अवैध लोडेड देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया। उक्त घटना के संदर्भ में राजनगर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस अधीक्षक ने दावा किया कि गिरफ्तार आरोपी अरसद के विरुद्ध लूट, छिनतई और चोरी के लगभग आधा दर्जन मामले जिले के विभिन्न थानों में दर्ज हैं जिसमें यह वांछित है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

–आईएएनएस

एमएनपी/डीएससी


Show More
Back to top button