मुंबई ओपन डब्ल्यूटीए 125के: अंकिता रैना के खिलाफ थाईलैंड की पींगटार्न प्लिपुएच ने दर्ज की जीत

मुंबई, 1 फरवरी (आईएएनएस)। मुंबई ओपन डब्ल्यूटीए 125के सीरीज के क्वालीफायर में अंकिता रैना को हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर, पींगटार्न प्लिपुएच, मात्सुडा मिसाकी, जुजाना पावलिकोस्का और क्रिस्टियाना सिदोरोवा ने शानदार जीत दर्ज करके मेन ड्रॉ में अपनी जगह पक्की की।
रविवार को महाराष्ट्र स्टेट लॉन टेनिस एसोसिएशन (एमएसएलटीए) में खेले गए कड़े मुकाबले में भारतीय ओलंपियन अंकिता रैना को थाईलैंड की पींगटार्न प्लिपुएच ने 6-2, 1-6, 6-4 से मात दी। यह मुकाबला 2 घंटे 39 मिनट तक चला।
एक अन्य मुकाबले में जापान की मात्सुदा मिसाकी ने क्वालीफायर में नंबर 1 सीड अर्जेंटीना की निकोल फोसा हुएर्गो को हराकर शानदार नतीजा हासिल किया। धीमी शुरुआत के बावजूद, जापानी टेनिस स्टार ने 7-5, 6-4 से जीत हासिल करते हुए मेन ड्रॉ में जगह बनाई। यह मुकाबला एक घंटे और 33 मिनट तक चला।
पोलैंड की जुजाना पावलिकोव्स्का ने फिनलैंड की अनास्तासिया कुलिकोवा के खिलाफ 6-3, 4-6, 7-6 (7-4) से जीत हासिल की। यह मुकाबला 3 घंटे से ज्यादा चला। पोलिश खिलाड़ी ने तीसरे सेट का टाईब्रेकर जीतकर अगले राउंड में जगह बनाई।
दिन के अंतिम गेम में, क्रिस्टियाना सिदोरोवा ने क्वालीफायर में नंबर दो सीड यास्मीन कब्बाज को 6-4, 6-2 से मात दी।
2 फरवरी को जब मेन ड्रॉ शुरू होगा, तो भारतीय खिलाड़ी सुर्खियों में रहेंगे, जिसमें कई इंटरनेशनल खिलाड़ियों से उनका सामना होगा। भारत की नंबर 1 महिला सिंगल्स स्टार सहजा यामालापल्ली का मुकाबला जापान की एरी शिमिजु से होगा। भारतीय वाइल्ड कार्ड, वैदेही चौधरी का सामना फ्रांस की तीसरी सीड लेओलिया जीनजीन से होगा।
सहजा यामालापल्ली के मुंबई ओपन डब्ल्यूटीए 125के सीरीज के मेन ड्रॉ में सीधा प्रवेश मिलने के बाद वैदेही चौधरी को मेन ड्रॉ में वाइल्ड कार्ड दिया गया। वह दिसंबर में डब्ल्यू35 सोलापुर जीतने के बाद और जनवरी में अहमदाबाद में डब्ल्यूटीटी 15 के फाइनल में पहुंचने के बाद, मुंबई ओपन में शानदार फॉर्म में हैं।
वाइल्ड कार्ड एंट्री करने वाली श्रीवल्ली भामिदिपति का मुकाबला शुरुआती राउंड में एक क्वालीफायर से होगा। वाइल्ड कार्ड पाने वाली माया राजेश्वरन रेवती का मुकाबला थाईलैंड की लैनलाना तरारुडी से होगा। महाराष्ट्र की नंबर 1 सिंगल्स खिलाड़ी, वैष्णवी अडकर ऑस्ट्रिया की लिली टैगर का सामना करेंगी।
–आईएएनएस
आरएसजी