मुंबई: विक्रोली में एक घर से 2 करोड़ की चरस बरामद, दो सप्लायर गिरफ्तार

मुंबई, 27 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट 7 ने शहर में सक्रिय नशे के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए विक्रोली के पार्क साइट इलाके से दो ड्रग्स सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो से अधिक चरस बरामद की है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 2.03 करोड़ रुपए है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशोर शेडगे और राजेश गावड़े के रूप में हुई है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने बताया कि यह एक बड़ा नेटवर्क है, जिसकी कड़ियों को जोड़ने और अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। दोनों के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच से नेटवर्क के अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि कुछ लोग मुंबई में चरस की सप्लाई और बिक्री में सक्रिय हैं। सूचना के अनुसार, आरोपी विक्रोली पश्चिम के एक कमरे में बड़ी मात्रा में चरस छिपाकर रखे हुए थे और उसे बाजार में बेचने की तैयारी कर रहे थे। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ने तुरंत टीम गठित कर ऑपरेशन की योजना बनाई।
इसके बाद पुलिस टीम विक्रोली के लिए रवाना हुई और पार्कसाइट इलाके में बताए गए पते पर पहुंची। जैसे ही दरवाजा खुला तो पुलिस ने देखा कि दो लोग प्लास्टिक बैग लेकर निकलने की तैयारी में थे। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से पुलिस ने चरस बरामद किया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी किशोर शेडगे ने खुलासा किया कि बरामद चरस उसे प्रणय मोरे ने ओम कामटे के जरिए सप्लाई की थी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने यह कमरा सिर्फ 5 दिन पहले किराए पर लिया था और कोई लिखित एग्रीमेंट नहीं किया गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इस अस्थायी ठिकाने का इस्तेमाल ड्रग्स छिपाने और सप्लाई के लिए कर रहे थे।
पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने की कोशिश कर रही है।
–आईएएनएस
पीआईएम/वीसी