वरलक्ष्मी सरथकुमार की फिल्म 'सरस्वती' का ट्रेलर रिलीज, दिखी मां की जद्दोजहद


मुंबई, 21 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय सिनेमा तेजी से आगे बढ़ रहा है और अभिनेत्रियों को सिर्फ सपोर्टिंग रोल से कहीं अधिक स्कोप मिलने लगा है। अब महिला प्रधान फिल्में लगातार आ रही हैं और साथ ही, महिलाएं खुद भी लेखन और निर्देशन कर रही हैं। इसी कड़ी में साउथ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री वरलक्ष्मी सरथकुमार आगामी फिल्म ‘सरस्वती’ में डेब्यू करने जा रही हैं।

इस फिल्म से वे न सिर्फ अभिनय करके लोगों का मनोरंजन करेंगी, बल्कि इसमें निर्माता-निर्देशक की भूमिका भी अदा कर रही हैं। इस फिल्म को वरलक्ष्मी खुद अपनी बहन पूजा के साथ डोसा डायरीज के बैनर तले प्रोड्यूस कर रही हैं। शनिवार को फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया गया।

अभिनेत्री ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए ट्रेलर रिलीज की जानकारी दी। 2 मिनट 9 सेकंड का ट्रेलर काफी शानदार हैं और एक मजबूत कहानी को भी पेश करता है। फिल्म के जरिए महिलाओं को ये संदेश दिया गया है कि महिलाओं को अपने लिए खुद लड़ना आना चाहिए।

फिल्म की कहानी एक ऐसी बच्ची सरस्वती पर केंद्रित है, जो स्कूल से गायब हो जाती है और नहीं मिलती, जिसके बाद उसकी मां उसे ढूंढने के लिए सारे प्रयास करती है।

ट्रेलर की शुरुआत वरलक्ष्मी के पुलिस स्टेशन पर इंतजार करने से होती है। फिल्म में उनकी बेटी सरस्वती स्कूल से गायब हो जाती है। फिल्म में वरलक्ष्मी कहती हैं, “मैंने उसे खुद स्कूल छोड़ा था, लेकिन जब लेने गई तो कहा गया कि वह वहां नहीं है।”

इसके बाद बच्चे को ढूंढने के बाद केस पुलिस तक जाता है, लेकिन कोई सबूत न होने पर केस कमजोर होने लगता है। वरलक्ष्मी बेबस नजर आती हैं। वह प्रकाश राज से मिलती है, जो एक वकील हैं। कोई ठोस सबूत न होने की वजह से प्रकाश राज केस लेने के लिए हिचकिचाता है, लेकिन बाद में वह मान जाता हैं और कोर्ट में लड़ाई लड़ते हैं। ट्रेलर में लंबी कानूनी प्रक्रिया दिखाई गई है, लेकिन इंसाफ नहीं मिल पाता।

वहीं, ट्रेलर के आखिरी में दिखाया जाता है कि वरलक्ष्मी एक बंदूक खरीदती हैं और उसे चलाना सीखती हैं, और आखिरी में वह बोलती हैं, “हर औरत सरस्वती नहीं हो सकती। अगर जरूरत पड़ी, तो वह काली भी बन जाएगी।”

इस फिल्म में वरलक्ष्मी के अलावा, प्रकाश राज, प्रिया मणि, राधिका सरथकुमार और नवीन चंद्र जैसे कलाकार शामिल हैं।

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Show More
Back to top button