घर में 'निक्कर' विवाद पर अनुपम खेर को छोड़ मां दुलारी ने दिया राजू का साथ


मुंबई, 18 मार्च (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा के बड़े कलाकारों में शामिल अनुपम खेर इन दिनों ‘तन्वी द ग्रेट’ को जमकर प्रमोट कर रहे हैं। हालांकि फिल्म के साथ वे अपने घर की हल्की-फुल्की पारिवारिक बातों के लिए भी सोशल मीडिया पर जाने जाते हैं।

अभिनेता की मां दुलारी और भाई राजू के साथ उनकी जुगलबंदी बहुत पसंद की जाती है, लेकिन अब अभिनेता के घर में निक्कर को लेकर विवाद हो गया है और मां दुलारी ने अनुपम खेर नहीं, उनके भाई राजू का साथ दिया है।

अनुपम खेर हमेशा मां दुलारी की अनफिल्टर वीडियो को फैंस के साथ शेयर करते हैं, जिसमें दुलारी की एक प्यारी साइड देखने को मिलती है, जो अपने दोनों बच्चों को बहुत प्यार करती है। वीडियो में राजू को हमेशा हाफ निक्कर कहकर अनुपम मिलवाते हैं क्योंकि घर में वे पूरा समय निक्कर पहनकर ही रहते हैं।

अब जब अनुपम खेर से मां दुलारी से राजू के निक्कर पहनने को लेकर सवाल किया तो दुलारी ने राजू की साइड लेते हुए कहा, तो क्या हुआ, घर में निक्कर पहनने में क्या परेशानी है, तू भी निक्कर पहन सकता है लेकिन जब राजू बाहर जाता है तो अच्छे कपड़े पहनकर जाता है।”

ऐसे में अभिनेता राजू से सवाल करते हैं कि मां पर क्या जादू कर रखा है, तेरे खिलाफ एक शब्द भी नहीं सुनना चाहती, और भाभी को डांटती रहती हैं। वीडियो में दुलारी ने अपनी उम्र संबंधी परेशानियों का भी जिक्र किया और बताया कि वे घर में किसी चीज को उधर से इधर नहीं करती हैं क्योंकि उनके हाथों में दर्द होता है और दूसरा वह चीजों को रखकर भूल जाती हैं। दुलारी का कहना है कि घर में बिना काम किए बोरियत भी होती है क्योंकि यहां कोई सहेली नहीं है, लेकिन राजू साथ बैठकर घंटों बातें करता है।

वीडियो में दुलारी ने फिल्म तन्वी द ग्रेट की तारीफ भी की। बहुत कम लोग जानते हैं कि तन्वी द ग्रेट दुलारी की पहली डेब्यू फिल्म है। फिल्म के आखिर में दुलारी को भी शामिल किया गया है। फैंस भी दुलारी का प्यारा वीडियो देखकर बहुत खुश हैं। उनका कहना है कि बड़े-बुजुर्ग घर की रौनक होते हैं और घर में मंदिर के बाद मां-बाप का ही स्थान होना चाहिए।

–आईएएनएस

पीएस/एएस


Show More
Back to top button