'गलतियां बोझ नहीं, सीख हैं', मोना सिंह ने साझा किया जिंदगी जीने का मंत्र


मुंबई, 2 फरवरी (आईएएनएस)। जिंदगी में हर इंसान से कोई न कोई गलती जरुर होती है, लेकिन कुछ लोग उन्हीं गलतियों को याद करके खुद को दोषी मानते रहते हैं। यही अपराध बोध धीरे-धीरे इंसान के आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की इच्छा को कमजोर कर देता है। ऐसे में जानी-मानी अभिनेत्री मोना सिंह का कहना है कि गलतियां बोझ नहीं, बल्कि सीख होती हैं। गलती पर रुक जाना सही नहीं होता, उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही असली समझदारी है।

आईएएनएस से बात करते हुए मोना सिंह ने कहा, ”जब मुझसे कोई गलती होती है, तो मैं खुद को दोषी ठहराने के बजाय उस पर सोचती हूं, उससे सीख लेती हूं और फिर आगे बढ़ जाती हूं। जिंदगी में आगे बढ़ने का यही एकमात्र सही तरीका है। अगर इंसान हर गलती को अपने सिर पर लादकर चलता रहे, तो न तो वह खुश रह सकता है और न ही खुद को बेहतर बना सकता है। मेरा मानना है कि गलती बोझ नहीं, बल्कि एक सीख है, जो आगे का रास्ता दिखाती है।”

उन्होंने कहा, ”गलती को गलती मानकर खुद को दोषी महसूस करना और उसे मन में दबाकर रखना इंसान को पीछे खींचता है। इसके उलट, अगर उस गलती को एक सीख की तरह देखा जाए, तो वही अनुभव इंसान को मजबूत बनाता है। जिंदगी तभी आगे बढ़ती है, जब हम खुद को माफ करना सीखते हैं।”

मोना सिंह ने रिश्तों को लेकर कहा, ”जिंदगी लगातार हमें कुछ न कुछ सिखाती रहती है। कई बार यह सीख हालात के जरिए मिलती है और कई बार उन लोगों के जरिए, जो हमारे जीवन में आते हैं। हर इंसान जो हमारी जिंदगी में आता है, उसका कोई न कोई कारण होता है। कुछ लोग लंबे समय तक साथ रहते हैं, तो कुछ समय के साथ दूर हो जाते हैं, कोई हमें भरोसा करना सिखाता है, तो कोई खुद को समझना। हर रिश्ता अपने पीछे कोई न कोई सीख जरूर छोड़ जाता है। यही इंसान होने की सबसे खूबसूरत बात है। अगर हम इन अनुभवों से सीखना बंद कर दें, तो हमारे अंदर कड़वाहट भरने लगती है। अगर हम सीखते रहें, तो हम एक बेहतर इंसान बनते जाते हैं।”

उन्होंने कहा, ”अगर इंसान को आगे बढ़ना है, तो उसे कड़वाहट छोड़नी होगी। जिंदगी में ठहराव तभी आता है, जब हम पुरानी बातों में उलझे रहते हैं। सीख लेकर आगे बढ़ना ही इंसान को अंदर से मजबूत बनाता है और उसे बदलने, बढ़ने और निखरने का मौका देता है। यही सोच इंसान को भावनात्मक रूप से परिपक्व बनाती है।”

–आईएएनएस

पीके/एबीएम


Show More
Back to top button