मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट: कांटे की टक्कर के बाद ‘राम’ के सिर सजा ताज

मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट: कांटे की टक्कर के बाद ‘राम’ के सिर सजा ताज

मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट पर कड़े मुकाबले में भाजपा के अरुण गोविल ने सपा-कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी सुनीता वर्मा को 10585 मतों से हरा दिया। सुबह से ही इस सीट पर रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। कभी गोविल आगे हो जाते थे तो कभी सुनीता बढ़त बना लेती थीं। आखिरी राउंड तक यह खींचतान चलती रही। जीत को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी रही। 34वें राउंड के बाद जीत तय हुई। 

9366 मतों से अरुण गोविल ईवीएम और 1219 मतों से पोस्टल बैलेट से जीते। हालांकि शहर, दक्षिण, किठौर और हापुड़ विधानसभा क्षेत्रों से सुनीता ने बढ़त बनाई, लेकिन कैंट में गोविल ने 96113 मतों से बढ़त बनाई। चारों विधानसभाओं से पिछड़ने के अंतर को कम कर दिया। 

मेरठ हापुड़ लोकसभा सीट पर भाजपा के लिए सुरक्षित सीट मानी जाती है। यहां सातवीं बार भाजपा ने जीत का परचम लहराया है। पिछले चुनाव में भी बसपा के हाजी याकूब कुरैशी भाजपा के राजेंद्र अग्रवाल से 4729 वोटों से हारे थे। इस बार भी पिछले चुनाव की तरह ही कड़ा मुकाबला हुआ। सपा, कांग्रेस गठबंधन ने भाजपा को कड़ी चुनौती दी। मेरठ सीट पर इस बार बसपा प्रत्याशी देवव्रत त्यागी एक लाख का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके और अपनी जमानत राशि भी नहीं बचा पाए। 

जीत के बाद औघड़नाथ मंदिर पहुंचे अरुण गोविल, किया जलाभिषेक 
मेरठ-हापुड़ सीट पर जीतने के बाद भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल पत्नी श्रीलेखा के साथ बाबा औघड़नाथ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। यहां दुर्गा मंदिर और राधा गोविंद मंदिर में दर्शन के बाद भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक किया। वहीं, भाजपाइयों जीत का जश्न पूरी सादगी के साथ मनाया। उनके साथ आए विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि कैंट विधानसभा सीट 2014 से अब तक भाजपा के लिए बेहद उपयोगी रही है। कैंट से जो बढ़त भाजपा को मिलती है, उसे विपक्ष अन्य विधानसभाओं में भी पूरा नहीं कर पाता है। इस दौरान महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन ऋतुराज, पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, कमल दत्त शर्मा, जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, एमएलसी सरोजनी अग्रवाल, भाजपा नेता संजीव वालिया सहित अन्य ने अरुण गोविल को जीत की शुभकामनाएं दीं।  

प्रत्याशी                         प्राप्त मत    मत प्रतिशत
  अरुण गोविल      5,46,469    46.21
सुनीता वर्मा                      5,35,884              45.32
देवव्रत त्यागी                    87,025                  7.36
हाजी अफजाल                   2,029                   0.17
आबिद हुसैन                     1,917                   0.16
भूपेंद्र पाल                        2,626                  0.22
लियाकत                        894                   0.08
डॉ. हिमांशु भटनागर             854                    0.07
नोटा                            4,776    0.4

(इनमें 3,367 वोट पोस्टल बैलेट के हैं।)

विधानसभाअरुण गोविल    सुनीता वर्मा
 मेरठ शहर   75,374    1,13,289
मेरठ दक्षिण    1,19,881    1,40,354
मेरठ कैंट    1,61,892    65,779
 किठौर    93,578    1,10,315
 हापुड़    93,650    1,05,272

भाजपा के राजेंद्र अग्रवाल को 5,86,184 वोट मिले थे
 मेरठ कैंट    :     1,68,074
 मेरठ शहर    :     79,241
 मेरठ दक्षिण    :     1,22,496
 किठौर    :     1,09,222
 हापुड़    :     1,03,419
(बाकी वोट पोस्टल बैलेट के थे)

बसपा गठबंधन के हाजी याकूब को 5,81,455 वोट मिले थे
 मेरठ कैंट    :     65,322
 मेरठ शहर    :     1,09,697
 मेरठ दक्षिण    :     1,52,209
 किठौर    :     1,31,039
 हापुड़    :     1,19,839

(बाकी वोट पोस्टल बैलेट के थे)

वोट प्रतिशत रहा था –
राजेंद्र अग्रवाल     48.19 
हाजी याकूब     47.8

पिछले तीन चुनाव में जीत का अंतर

 2009    2014    2019 
 47,114    2,32,326   4729
   

अरुण गोविल बोले- मेरठवासियों का बहुत-बहुत आभार 
चुनाव में जीत के बाद भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल ने कहा कि मेरठ के लोगों ने उन्हें बहुत स्नेह दिया। इसके लिए सभी का आभार। पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का धन्यवाद। उन्होंने कहा कि वह मेरठ के थे, मेरठ के हैं और मेरठ के रहेंगे। यहां जनता के बीच रहकर लोगों के विश्वास पर खरा उतरेंगे। मेरठ के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकर कार्ययोजना बनाएंगे। 

E-Magazine