बांग्लादेश में खसरे का प्रकोप: सात और बच्चों ने गंवाई जान, मृतकों की संख्या 620

ढाका, 7 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश में खसरे जैसे लक्षणों वाली बीमारी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार सुबह 8 बजे तक के 24 घंटों में सात और बच्चों की मौत दर्ज की गई, जिससे इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 620 हो गई है।
यूएनबी समाचार एजेंसी ने स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के हवाले से बताया कि हाल ही में हुई मौतों को फिलहाल संदिग्ध खसरा मामलों के रूप में वर्गीकृत किया गया है।
नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, संदिग्ध खसरा मौतों की कुल संख्या 529 हो गई है, जबकि प्रयोगशाला परीक्षण से पुष्टि किए गए मृतकों की संख्या 91 पर स्थिर बनी हुई है।
पिछले 24 घंटों में 1,221 नए संदिग्ध खसरा मामलों की पहचान की गई, जिसके बाद कुल संदिग्ध मामलों की संख्या बढ़कर 79,012 हो गई है। इसी अवधि में 66 नए पुष्ट मामले सामने आए, जिससे संक्रमण के पुष्टि किए गए कुल मामलों की संख्या 9,686 तक पहुंच गई।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 15 मार्च से अब तक 64,263 संदिग्ध मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से 60,084 मरीज स्वस्थ होकर अस्पतालों से छुट्टी पा चुके हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने और संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लेने की अपील की है। लगातार बढ़ते मामलों ने देश की स्वास्थ्य व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है।
रॉयटर्स समेत इंटरनेशनल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मार्च और मई 2026 के बीच बांग्लादेश में खसरे के 62,000 से अधिक संदिग्ध मामले और 8,000 से अधिक लैब से कन्फर्म हुए संक्रमण के मामले दर्ज किए गए।
बांग्लादेश के अंग्रेजी दैनिक डेली सन के अनुसार अधिकतर बच्चे पांच साल से कम उम्र के थे, और कई को खसरे का पूरा वैक्सीनेशन कोर्स नहीं मिला था। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) और यूनिसेफ ने भी मौजूदा संकट के पीछे वैक्सीनेशन कवरेज में कमी को एक मुख्य कारण बताया है।
खसरा दुनिया की सबसे ज्यादा फैलने वाली वायरल बीमारियों में से एक है। एक संक्रमित बच्चा आस-पास के लगभग 90 फीसदी बिना वैक्सीन वाले बच्चों में वायरस फैला सकता है।
–आईएएनएस
केआर/