मथीशा पथिराना टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर, दिलशान मदुशंका करेंगे रिप्लेस
नई दिल्ली, 18 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 में जगह बना चुकी श्रीलंकाई टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना इंजरी के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान पथिराना के बाएं पैर की मांसपेशियों में खिंचाव आया था और वह काफी दर्द में दिखाई दिए थे। इसकी वजह से पथिराना को मैदान छोड़कर जाना पड़ा था। उनके स्थान पर दिलशान मदुशंका की टीम में एंट्री हुई है।
पथिराना के बाहर होने के बाद श्रीलंका का बॉलिंग अटैक और भी कमजोर हो गया है। गौरतलब है कि वानिंदु हसरंगा पहले ही चोटिल होने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। दिलशान की लंबे समय बाद श्रीलंका की टी20 टीम में वापसी हुई है। उन्होंने अपना पिछला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला 27 जुलाई 2024 को खेला था।
जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी मैच से पहले श्रीलंका के बैटिंग सलाहकार विक्रम राठौर ने पथिराना की इंजरी को लेकर बड़ा अपडेट देते हुए बताया था कि पथिराना का टूर्नामेंट में आगे खेल पाना काफी मुश्किल नजर आ रहा है।
श्रीलंका का प्रदर्शन टूर्नामेंट में अब तक शानदार रहा है। दासुन शनाका की कप्तानी में श्रीलंका ने अब तक खेले तीनों ही मैचों में जीत दर्ज की है। आखिरी मुकाबले में टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराया था। टीम की ओर से पाथुम निशंका ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंदों में 100 रनों की नाबाद पारी खेली थी।
वहीं, कुशल मेंडिस ने 38 गेंदों में 51 रन बनाए थे। श्रीलंका ने कंगारू टीम से मिले 182 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 2 विकेट खोकर 18 ओवर में ही चेज कर लिया था। श्रीलंका सुपर 8 में अपनी जगह पहले ही पक्की कर चुकी है। ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में 19 फरवरी को टीम की भिड़ंत जिम्बाब्वे के साथ होनी है।
श्रीलंका की टीम: दासुन शनाका (कप्तान), पाथुम निशंका, कमिल मिशारा, कुशल मेंडिस, कामिंदु मेंडिस, कुशल परेरा, चरिथ असंलका, जनिथ लियानागे, पवन रत्नायके, दुशान हेमलता, दुनिथ वेल्लालगे, महेश तीक्षणा, दुष्मंत चमीरा, दिलशान मदुसंका, प्रमोद मदुशन।
–आईएएनएस
शुभम/आरएसजी