कटक में मछली बाजार के गोदाम में भीषण आग, बैंक और दुकानों को पहुंचा भारी नुकसान

कटक, 1 जून (आईएएनएस)। ओडिशा की सांस्कृतिक राजधानी कटक में सोमवार को मछली बाजार के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास की एक बहुमंजिला इमारत में स्थित बैंक, स्टोर और कई दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा। घने धुएं और लपटों के बीच दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं।
जिला अग्निशमन अधिकारी प्रशांत कुमार ढल ने आईएएनएस को बताया, “कटक के लिंक रोड के पास मछली बाजार में आग लगी। सूचना मिलते ही भुवनेश्वर कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया। तुरंत दो वाटर टैंकर और मैनपॉवर मौके पर भेजा गया। शुरुआत में 6 गाड़ियों के साथ बुझाने का काम शुरू हुआ, बाद में और गाड़ियां पहुंचीं।”
उन्होंने आगे बताया, “मछली बाजार के बगल में एक बिल्डिंग थी, जिसमें एक फ्लोर पर स्टोर, दूसरे पर बैंक और ऊपर दूसरा फ्लोर था। आग तेजी से फैली, लेकिन हमने पूरी कोशिश की। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। बचाव कार्य जारी है, जो अगले कुछ घंटों में पूरा हो जाएगा। कुल 8 दमकल गाड़ियां और करीब 50 कर्मचारी मौके पर तैनात हैं।”
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया। आसपास के इलाके में घना धुआं फैलने से कई दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों ने आसपास की इमारतों को भी प्रभावित किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य विद्युत गड़बड़ी हो सकता है, हालांकि आधिकारिक कारण अभी स्पष्ट नहीं किया गया है।
मछली बाजार में भारी मात्रा में जमा मछली, बर्फ और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई, जिससे व्यापारियों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। बैंक की निचली मंजिल भी आग की चपेट में आने से फर्नीचर, दस्तावेज और उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
–आईएएनएस
एससीएच/एएस