किरेन रिजिजू समेत कई नेताओं ने बजट को बताया ऐतिहासिक, बोले-सभी वर्गों का रखा गया है ध्यान

नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में केंद्रीय बजट 2026-27 पेश कर रही हैं, ऐसे में विभिन्न राज्यों के नेताओं ने इस बजट को किसानों, महिलाओं और समाज के अन्य वर्गों के हित में बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में सभी को प्राथमिकता दी जाएगी।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, “जिस विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर देश की सरकार काम कर रही है। 2014 से निरंतर हर बजट इसी दिशा में आगे बढ़ने के पायदान की तरह होता है। इस बार का बजट भी भारत को विकसित भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ाने वाला होगा।”
उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि देश की सरकार पिछले 11 सालों से भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के जिस लक्ष्य के लिए काम कर रही है, उस दिशा में 2014 से पेश किए गए हर बजट ने लगातार प्रगति की है। हर बजट एक कदम आगे बढ़ा है। इस साल का बजट भी भारत को विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में एक कदम और आगे ले जाएगा।”
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “यह एक ऐतिहासिक बजट है। प्रधानमंत्री की ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ विकसित भारत की ओर तेजी से आगे बढ़ेगी। रिफॉर्म एक्सप्रेस बहुत आसानी से आगे बढ़ रही है। इसमें सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है।”
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बजट सत्र के लिए संसद जाने से पहले अपने आवास पर एक पौधा लगाया। उन्होंने इस बजट को ‘यह विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत का बजट’ बताया।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने केंद्रीय बजट 2026 पर कहा, “यह बजट समावेशी होगा, जो किसानों, युवाओं, महिलाओं और देश के सभी क्षेत्रों के संपूर्ण विकास के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह भारत को विकसित भारत बनाने के विजन को सपोर्ट करेगा।”
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “हम भारत के वित्त मंत्री की ओर से पेश किए जाने वाले केंद्रीय बजट पर करीब से नजर रख रहे हैं। हमें भरोसा है कि 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर पहल प्रगतिशील रही है।”
–आईएएनएस
एसएके/वीसी