भाजपा स्थापना दिवस: योगी आदित्यनाथ सहित कई मुख्यमंत्रियों ने दी शुभकामनाएं, कहा- यह पार्टी एक जीवंत विचार परंपरा

नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस पर योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने शुभकामनाएं दी हैं। नेताओं ने पार्टी की विचारधारा, ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प और अंत्योदय के लक्ष्य को दोहराते हुए जनसेवा व विकसित भारत के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता जताई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “विश्व के सबसे विशाल राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। भाजपा मात्र एक राजनीतिक संरचना नहीं, बल्कि श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल के उदात्त लोकतांत्रिक आदर्शों व सात्विक सनातनी जीवन मूल्यों से अभिसिंचित एक जीवंत विचार परंपरा है।”
उन्होंने आगे लिखा, “नेशनल फर्स्ट की भावना से ओतप्रोत यह राष्ट्रवादी परिवार आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है, जो सेवा, संस्कार और समर्पण के संकल्प के साथ 145 करोड़ देशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को निरंतर शक्ति दे रहा है। भाजपा की यह विकास यात्रा सत्ता की नहीं, संस्कार की है। विस्तार की नहीं, विचार की है। ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के संकल्प की सिद्धि की है। हर कार्यकर्ता की निष्ठा, निरंतरता और निस्वार्थ भाव ने ‘विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को गति दी है। राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में सहभागी सभी विभूतियों का अभिनंदन।”
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पोस्ट किया, “राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित और अंत्योदय के आदर्श से प्रेरित भाजपा के स्थापना दिवस पर सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आप सभी के अथक परिश्रम, समर्पण और संगठन की एकता ने पार्टी को निरंतर मजबूत बनाया है। इसी संकल्प और ऊर्जा के साथ आगे बढ़ते हुए राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर भारत माता का गौरव सदैव बढ़ाते रहेंगे।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर पीएम मोदी का एक वीडियो भी शेयर किया। उन्होंने भाजपा के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “यह गौरवमयी दिवस हमारे श्रद्धेय पितृपुरुषों और ध्येयनिष्ठ कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और वैचारिक साधना को नमन करने का है, जिनके समर्पण से भाजपा आज एक विशाल वटवृक्ष बनकर सतत् राष्ट्रसेवा में संलग्न है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संगठनात्मक नेतृत्व में पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा और जनकल्याण के संकल्प को सिद्ध कर रहा है। पंचनिष्ठाओं के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और मातृभूमि की सेवा का यह क्रम अनवरत जारी रहेगा।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लिखा, “भारतीय जनमानस की चेतना में प्रतिष्ठित एकात्म मानववाद की उदात्त भावना, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की अविरल धारा तथा अंत्योदय के पावन संकल्प को आत्मसात किए हुए विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन भाजपा के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर समस्त कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।”
उन्होंने आगे लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और प्रेरणादायी नेतृत्व में भाजपा जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के नव आयाम स्थापित करते हुए जनसेवा के पथ पर निरंतर अग्रसर है। यह दिवस केवल एक संगठन की स्थापना का नहीं बल्कि उस अखंड राष्ट्रसेवा के संकल्प का प्रतीक है, जो अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के समग्र उत्थान हेतु सतत समर्पित है।”
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बधाई देते हुए लिखा, “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास को आत्मसात कर हम सभी अंत्योदय एवं आत्मनिर्भर भारत के पावन लक्ष्य की प्राप्ति के कर्तव्य पथ सतत् आगे बढ़ते रहेंगे।”
वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने पोस्ट किया, “भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर सभी ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएं। अंत्योदय के प्रण और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ती भाजपा आज करोड़ों देशवासियों की आशा और अटूट विश्वास का प्रतीक है।”
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भाजपा स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को आत्मसात कर ‘विकसित भारत’ के निर्माण के लिए संकल्पबद्ध है।”
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना के साथ जनसेवा में समर्पित सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई और अनंत शुभकामनाएं।”
–आईएएनएस
डीसीएच/