मनोज तिवारी का नया गाना 'हां, हम बिहारी हैं जी' हुआ रिलीज


मुंबई, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। भोजपुरी सिनेमा के मशहूर अभिनेता और राजनेता मनोज तिवारी का नया गाना ‘हां, हम बिहारी हैं जी’ सोमवार को रिलीज हो गया है। यह गाना बिहार की सांस्कृतिक धरोहर और गौरव को समर्पित है, जो भोजपुरी आईटी सेल यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है।

गाने के वीडियो में मनोज तिवारी अपनी प्रभावशाली आवाज और अभिनय से बिहार की विशेषताओं को उजागर करते नजर आ रहे हैं।

मनोज तिवारी ने इंस्टाग्राम पर गाने का क्लिप पोस्ट किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, “बिहार का गर्व गीत—’हां, हम बिहारी हैं जी’ पेश है। मेरे साथ इस गाने का आनंद लें और पूरा वीडियो देखने के लिए भोजपुरी आईटी सेल यूट्यूब चैनल पर जाएं।”

इस पोस्ट के जरिए उन्होंने प्रशंसकों से गाने को देखने और बिहार की शान को महसूस करने की अपील की।

‘हां, हम बिहारी हैं जी’ गाने के बोल बिहार की माटी, संस्कृति और लोगों की मेहनत को गौरवान्वित करते हैं। गाने की शुरुआती पंक्तियां, “‘हां, हम बिहारी हैं जी’ माटी को सोना कर दें, वाली कलाकारी है, जी,” दर्शकों के बीच जोश भरने वाली हैं।

इस गाने में बिहार की मेहनतकश जनता, उनकी कला, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को खूबसूरती से दर्शाया गया है। मनोज तिवारी की गायकी और संगीत इसे और भी खास बनाता है।

इस गाने को मनोज तिवारी ने अपनी दमदार आवाज में गाया है। गीत के बोल अतुल कुमार राय ने लिखे हैं, जो बिहार की मिट्टी और संस्कृति से प्रेरित हैं। संगीत मधुकर आनंद ने दिया है, जिन्होंने गाने में भोजपुरी और लोक संगीत का शानदार समन्वय किया। गाने की रचना शैलेंद्र द्विवेदी ने किया है।

मनोज तिवारी एक भाजपा सांसद भी हैं। वह अपने गानों और अभिनय के जरिए हमेशा बिहार की पहचान को बढ़ावा देते रहे हैं। गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है और प्रशंसक इसे खूब पसंद कर रहे हैं।

यह गाना न केवल भोजपुरी संगीत प्रेमियों के लिए एक तोहफा है, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक धरोहर को देश-दुनिया तक पहुंचाने का एक प्रयास भी है।

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Show More
Back to top button