देशभक्ति और हिंदू-मुस्लिम के सहारे फिल्म को हिट कराना बन गया नया पैटर्न! धुरंधर-2 ट्रेलर के बाद दो धड़ों में बंटे यूजर्स

मुंबई, 7 मार्च (आईएएनएस)। रणवीर सिंह की बहुप्रतिक्षित फिल्म धुरंधर-2, यानी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और सोशल मीडिया पर ट्रेलर को धमाकेदार रिस्पांस भी मिल रहा है।
ट्रेलर की शुरुआत से लेकर अंत तक इंटेंस लुक, खतरनाक एक्शन और बदले की कहानी को दिखाया गया है, जो किसी का भी एड्रीनलीन बूस्ट कर सकती है। लेकिन क्या फिल्म को हिट कराने के लिए देशभक्ति, हिंदू-मुस्लिम और सनातन को टारगेट करना आजकल का ट्रेंड बन चुका है? यह हम नहीं, बल्कि यूजर्स कह रहे हैं।
‘धुरंधर: द रिवेंज’ के रिलीज होते ही सोशल मीडिया दो धड़ों में बंट चुका है। ट्रेलर की तारीफ करने वालों की भी कमी नहीं है, और न ही फिल्म की आलोचना करने वालों की। एक धड़ा फिल्म को देखकर देशभक्ति के रंग में रंग चुका है और फिल्म को पाकिस्तान से बदले के तौर पर देख रहा है। रणवीर सिंह के एक्शन की भी जमकर तारीफ हो रही है, और रहमान डकैत को भी मिस किया जा रहा है। यूजर्स का कहना है कि यह मात्र फिल्म नहीं, बल्कि इमोशन है। ल्यारी का बादशाह आधिकारिक तौर पर वापस आ गया है! यह ट्रेलर पूरी तरह से जोश से भरा है। रणवीर सिंह, हमजा अली के रूप में, एक ज़बरदस्त किरदार निभा रहे हैं। 19 मार्च का बेसब्री से इंतज़ार है।
वहीं एक धड़ा फिल्म को देशभक्ति, हिंदू-मुस्लिम और सनातन को टारगेट करने का आरोप लगा रहा है। फिल्म फिक्शन है और फिल्म को ऐसे दिखाया गया है कि जैसे सारी घटनाएं असली हों। फिल्म के मेकर्स ने दर्शकों के इमोशन का फायदा उठाते हुए फिल्म में हिंदू-मुस्लिम और देशभक्ति का एंगल जोड़ा है, जबकि फिल्म का वास्तविक घटना से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है। यूजर्स का कहना है कि हिंदुस्तान में जब तक सिनेमा है, तब तक लोगों के हिंदू-मुसलमान के नाम पर बेवकूफ बनाना आसान है। लोग इसे देखेंगे और सब कुछ सच मान लेंगे, हर कोई ‘इमोशनल फूल’ है और इस काल्पनिक फिल्म को एक वास्तविक जीवनी समझ लेगा।
‘धुरंधर: द रिवेंज’ को लेकर भले ही सोशल मीडिया बंट गया है, लेकिन फिल्म 19 मार्च को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के लिए तैयार है। माना जा रहा है कि फिल्म अपने पहले भाग का भी रिकॉर्ड तोड़ने वाली है। 19 मार्च को फिल्म अकेले ही बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होने वाली है। पहले फिल्म को टक्कर देने के लिए यश की ‘टॉक्सिक’ भी 19 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन मेकर्स ने अपना फैसला बदलते हुए फिल्म को जून में रिलीज करने का फैसला लिया है।
–आईएएनएस
पीएस/एएस