महाकुंभ : शिवांगी जोशी ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी, दिखाई झलक


मुंबई, 9 फरवरी (आईएएनएस)। टेलीविजन अभिनेत्री शिवांगी जोशी प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में पहुंचीं, जहां उन्होंने त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर प्रशंसकों को इसकी झलक दिखाई है।

शिवांगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपने अकाउंट पर पोस्ट में महाकुंभ की अपनी यात्रा की कई तस्वीरें और वीडियो शेयर किए। इसमें अभिनेत्री ने डुबकी लगाई, आरती में भाग लिया, आशीर्वाद लिया और प्रार्थना की।

पोस्ट को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, “महाकुंभ 2025।”

अभिनेत्री शिवांगी की गिनती सबसे अधिक फीस लेने वाली टेलीविजन अभिनेत्रियों में की जाती है।

शिवांगी को ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में ‘नायरा सिंघानिया गोयनका’ की भूमिका से पहचान मिली।

‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ के साथ ही शिवांगी अन्य सफल शोज का हिस्सा रह चुकी हैं। शिवांगी ‘बेइंतहा’ में आयत हैदर, ‘बेगूसराय’ में पूनम ठाकुर और ‘बालिका वधू 2’ में आनंदी चतुर्वेदी की भूमिका में नजर आई थीं।

शिवांगी ने साल 2022 में रोहित शेट्टी के स्टंट बेस्ड शो ‘खतरों के खिलाड़ी 12’ में भाग लिया था। हालांकि, वह 12वें स्थान पर रही थीं। शिवांगी की पिछली रिलीज ‘बरसातें: मौसम प्यार का’ में आराधना साहनी के रूप में दिखाई दी थीं।

शिवांगी ने साल 2013 में ‘खेलती है जिंदगी आंख मिचोली’ से टेलीविजन जगत में अभिनय की शुरुआत की थी। साल 2014 में वह आयुष मेहरा के साथ ‘लव बाय चांस’ में विशी के रूप में दिखाई दी थीं।

बता दें, शिवांगी से पहले मनोरंजन जगत की कई हस्तियां महाकुंभ जा चुकी हैं। शिवांगी से पहले भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ महाकुंभ पहुंचे थे।

इंस्टाग्राम पर अभिनेता ने दो वीडियोज शेयर किए, जिसमें से पहले वीडियो में वह संगम में डुबकी लगाते और हाथ जोड़कर प्रार्थना करते नजर आए। वहीं, दूसरे वीडियो में वह कुर्सी पर बैठकर चाय पीते नजर आए। पहले वीडियो के साथ उन्होंने गायक कैलाश खेर के गाने ‘चलो कुंभ चलें’ को भी जोड़ा। वीडियो में अभिनेता पीली धोती के साथ उसी रंग का गमछा लिए नजर आए।

दिनेश लाल से पहले अभिनेता राजकुमार राव पत्नी पत्रलेखा के साथ प्रयागराज पहुंचे थे। जहां उन्होंने संगम में डुबकी लगाई थी। इसके बाद अभिनेता परमार्थ निकेतन आश्रम पहुंचे और स्वामी चिदानंद सरस्वती से मुलाकात कर आशीर्वाद भी लिया।

अभिनेत्री ईशा गुप्ता भी गुरुवार को अपनी मां के साथ संगमनगरी पहुंची थीं।

पूनम पांडे, किटू गिडवानी, फिल्म निर्माता कबीर खान, कॉमेडियन-अभिनेता सुनील ग्रोवर, गायक-अभिनेता गुरु रंधावा, अविनाश तिवारी, अनुपम खेर, भाग्यश्री, रेमो डिसूजा, सिद्धार्थ निगम, प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा, तनीषा मुखर्जी, ममता कुलकर्णी समेत कई मशहूर हस्तियां इस भव्य आध्यात्मिक समागम में भाग ले चुकी हैं।

–आईएएनएस

एमटी/एएस


Show More
Back to top button