मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने भाजपा विधायक की मां के निधन पर जताया शोक


भोपाल/कटनी, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को मुड़वारा से भाजपा विधायक संदीप जायसवाल की मां सरोज जायसवाल के निधन पर शोक व्यक्त किया। सीएम मोहन यादव उनके कटनी स्थित आवास पहुंचे और उनकी मां के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित कर दुख जताया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर सांत्वना दी और उनका ढाढ़स भी बंधाया। इस दौरान उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए बाबा महाकाल से पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और दुख की इस घड़ी में शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

उन्होंने दिवंगत सरोज जायसवाल की फोटो पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान उनके साथ विधायक बहोरीबंद प्रणय प्रभात पांडेय, विधायक बड़वारा धीरेन्द्र बहादुर सिंह, कलेक्टर दिलीप कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन, डीएफओ गौरव शर्मा और जिला पंचायत सीईओ शिशिर गेमावत एवं जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी मौजूद रहे।

सरोज जायसवाल का 5 अप्रैल को लंबी बीमारी के बाद देहावसान हो गया था। विधायक संदीप जायसवाल की माता सरोज जायसवाल ने अपने जीवनकाल में नेत्रदान का संकल्प लिया था। निधन के पश्चात, चित्रकूट हॉस्पिटल की टीम ने सिविल सर्जन की मौजूदगी में नेत्रदान प्रक्रिया की थी।

इससे पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 6 अप्रैल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा था, ”मुड़वारा (कटनी) से भाजपा विधायक संदीप जायसवाल की पूज्य माताजी सरोज प्रसाद जायसवाल जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत की पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को दुख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें।”

केंद्रीय मंत्री और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी संदीप जायसवाल की मां के निधन पर दुख जताया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था, ”मध्य प्रदेश के मुड़वारा से विधायक, साथी संदीप जायसवाल की पूज्य माताजी सरोज जायसवाल जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।”

–आईएएनएस

एसके/एबीएम


Show More
Back to top button