लखनऊ की मेयर ने दी पंकज चौधरी को शुभकामनाएं

लखनऊ, 14 दिसंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में भाजपा को केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी के रूप में नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। उनके नाम की आधिकारिक घोषणा दोपहर दो बजे तक कर दी जाएगी। इस बीच भाजपा कार्यकर्ताओं, नेताओं और मंत्रियों की ओर से बधाई संदेश प्राप्त हो रहे हैं।
लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने पंकज चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में भाजपा यूपी में नई बुलंदियों को छूएगी।
लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत के दौरान मेयर ने कहा कि भाजपा में एक छोटे से कार्यकर्ता को भी बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। पार्टी किसी भी कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष बना सकती है। पंकज चौधरी पार्षद से लेकर सांसद रहे, केंद्रीय राज्य मंत्री बने और अब प्रदेश की कमान उन्हें दी गई है। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में भाजपा आसमान को छूएगी।
भाजपा नेता नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि पंकज चौधरी लोकप्रिय नेता हैं। एक-दो बार जीतना अलग बात होती है, हर बार जीतना कार्यकर्ताओं में जोश भरता है। पंकज जी को शुभकामनाएं।
बता दें कि शनिवार को उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री और महराजगंज से सात बार के सांसद पंकज चौधरी ने नामांकन दाखिल कर दिया है। उनके नामांकन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। 14 दिसंबर को उनके नाम की औपचारिक घोषणा होने वाली है।
पंकज चौधरी भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बनने वाले हैं, इसे लेकर कार्यकर्ताओं के साथ उनके परिवार में भी खुशी की लहर है। पंकज चौधरी की मां ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि यह बहुत खुशी की बात है, और गर्व की बात भी है कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत एक कॉर्पोरेटर के तौर पर की और आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं। यह सबके लिए बहुत खुशी का पल है। अब इच्छा है कि वह राज्य के लिए काम करें और पूरे राज्य में पहचान बनाएं।
–आईएएनएस
डीकेएम/एएस