एलएसजी बनाम केकेआर: अर्धशतकीय पारी के साथ आयुष बडोनी ने आईपीएल में रचा इतिहास


नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बल्लेबाज आयुष बडोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ अर्धशतक लगाया। इसी के साथ बडोनी एलएसजी की ओर से नंबर-4 या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 50+ स्कोर करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

आयुष बडोनी ने ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए सीजन के 15वें मैच में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ 34 गेंदों में 2 छक्कों और 7 चौकों के साथ 54 रन की पारी खेली। यह एलएसजी की तरफ से खेलते हुए बडोनी का नंबर 4 या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 7वां 50+ स्कोर था।

इस लिस्ट में निकोलस पूरन दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 5 बार यह कारनामा किया है। वहीं, दीपक हुड्डा और मार्कस स्टोइनिस 4-4 बार इस कारनामे के साथ संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर हैं।

आयुष बडोनी आईपीएल करियर में सिर्फ लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेले हैं। साल 2022 से लेकर अब तक इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 59 मुकाबलों में 26.38 की औसत के साथ 1,029 रन बनाए हैं। इस दौरान 7 अर्धशतक लगाए।

आयुष बडोनी लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से 1,000 रन का आंकड़ा छूने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। इस लिस्ट में केएल राहुल शीर्ष पर हैं, जिन्होंने इस टीम की ओर से 1,410 रन बनाए, जबकि निकोलस पूरन एलएसजी की तरफ से खेलते हुए 1,403 रन बना चुके हैं।

गुरुवार को खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 181 रन बनाए। इस पारी में अंगकृष रघुवंशी ने सर्वाधिक 45 रन बनाए, जबकि कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 41 रन की पारी खेली। इनके अलावा, रोवमैन पॉवेल ने नाबाद 39 रन और कैमरून ग्रीन ने नाबाद 32 रन बनाए।

इसके जवाब में एलएसजी ने अंतिम ओवर में 14 रन जुटाकर 3 विकेट से जीत हासिल की। इस पारी में आयुष बडोनी ने 34 गेंदों में 2 छक्कों और 7 चौकों के साथ 54 रन की पारी खेली, जबकि मुकुल चौधरी ने 27 गेंदों में 7 छक्कों और 2 चौकों के साथ नाबाद 54 रन बनाए। विपक्षी खेमे से वैभव अरोड़ा और अनुकूल रॉय ने 2-2 विकेट निकाले।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button