एलपीएल 2026: अहम खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट की पुष्टि, दांबुला सिक्सर्स से जुड़े सिकंदर रजा

कैंडी, 30 जुलाई (आईएएनएस)। लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) में दांबुला सिक्सर्स ने जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा को साइन किया है, जो साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज मार्केस एकरमैन की जगह लेंगे। एकरमैन चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
दांबुला सिक्सर्स ने ऑलराउंडर सिकंदर रजा को जोड़कर अपनी टीम को मजबूत किया है। 40 वर्षीय खिलाड़ी ने 375 टी20 मुकाबलों में 25.57 की औसत के साथ 7595 रन बनाने के अलावा, 255 विकेट भी हासिल किए हैं।
लंका प्रीमियर लीग के टूर्नामेंट निदेशक सामंथा डोडानवेला ने कहा, “बड़े अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर्स वाले टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का रिप्लेसमेंट एक आम बात है। हमें सिकंदर रजा जैसे खिलाड़ियों का टूर्नामेंट में स्वागत करते हुए खुशी हो रही है और हम लंका प्रीमियर लीग के इस बेहद रोमांचक और कड़े मुकाबले वाले सीजन के शानदार समापन का इंतजार कर रहे हैं।”
दुनियाभर की शीर्ष टी20 लीग में रजा के लंबे अनुभव से दांबुला सिक्सर्स को नॉकआउट चरण में जगह बनाने की कोशिश में काफी फायदा मिलने की उम्मीद है। फ्रेंचाइजी अभी प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है; उसने 6 मुकाबलों में चार प्वाइंट्स हासिल किए हैं। इस टीम को 2 जीत और 4 हार मिली है।
इस बीच, अफगानी तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी टीम छोड़ने से पहले दांबुला के अगले मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्हें राष्ट्रीय टीम के लिए बुलाया गया है। वे कोलंबो कैप्स के खिलाफ मैच के बाद टीम से चले जाएंगे।
कोलंबो कैप्स ने टीम में दो बदलावों किए हैं। एशेन बंडारा, चोटिल कुशल मेंडिस की जगह लेंगे। वहीं, बांग्लादेशी तेज गेंदबाज हसन महमूद राष्ट्रीय टीम के काम से घर लौट गए हैं और उनकी जगह बांग्लादेश के रिपन मंडल कोलंबो कैप्स से जुड़ेंगे।
कैंडी रॉयल्स ने विशन हलमबेज के स्थान पर कविजा गमागे को साइन किया है। इससे पहले, जाफना किंग्स ने पुष्टि की थी कि बांग्लादेशी तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद नेशनल टीम में बुलाए जाने के बाद श्रीलंका नहीं जाएंगे। फ्रेंचाइजी ने उनकी जगह बांग्लादेश के बल्लेबाज तौहीद हिरदॉय को टीम में शामिल किया है।
–आईएएनएस
आरएसजी